October 23, 2024

भाजपा सरकार हाथियों को नियंत्रित नहीं कर पा रही है, तो माओवादियों को क्या खाक खदेड़ पायेगी? : मो. असलम

0

शराब की दुकाने चला कर राज्य की जनता और समाज को पीछे धकेल रही है सरकार : कांग्रेस

रायपुर/ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मो. असलम ने कहा है कि सरकार की गलत नीतियों, इच्छा शक्ति की कमियों, अक्षमताओं एवं अदूरदर्शी योजनाओं के चलते छत्तीसगढ़ में हाथी और नक्सलवाद एक नासूर की तरह लाइलाज होता जा रहा है। हाथी और नक्सली राजधानी के मुहाने तक पहुंच चुके है। इसके बाद भी भाजपा सरकार समस्याओं को बनाये रखना चाहती है, ताकि कमीशनखोरी का खेल चलता रहे, अन्यथा 15 वर्षो में क्या गिनती के हाथियों को नियंत्रित नही किया जा सकता था। छत्तीसगढ़ के उत्तरी भू-भाग में हाथियों ने कब्जा जमा रखा है तो दक्षिणी क्षेत्र माओवाद की जबरदस्त चपेट में है। जब यह सरकार हाथियों से नहीं निपट पा रही है तो नक्सलियों को क्या खाक खदेड़ पायेगी? यह सरकार केवल शराब की दुकान के जरिये राज्य की जनता को और समाज को पीछे ढ़केलने में लगी हुयी है। यही वजह है कि आज नक्सलवाद ने आधे छत्तीसगढ़ को अपने प्रभाव में ले लिया है और सरकार के मुखिया का दोनो जिला राजनांदगांव एवं कवर्धा इस समस्या की गिरफ्त में है। हाथी और नक्सलवाद से सबसे ज्यादा आदिवासी प्रभावित है। निरीह, निहत्थे, र्निबल, र्निदोष और निर्धनो की आवाज को यह सरकार नहीं सुन रही है। लोगो की मौते हो रही है, घर उजड़ रहा है, फसले चौपट हो रही है, भय और आंतक है किन्तु स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। यह इस सरकार की सबसे बड़ी विफलता साबित हो रही है जिससे सरकार की नीयत पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मो.असलम ने कहा है कि 15 वर्षो की भाजपा सरकार अपनी पीठ कितनी ही थपथपा ले, पर इन चुनौतियो का सामना करने में वह पूरी तरह से नाकामयाब है। क्या छत्तीसगढ़ की भोली जनता ने डे़ढ़ दशक से सत्ता सौपी है उसका यही प्रतिफल है? प्रधानमंत्री के केवल इतना कह देने से काम नहीं चलता कि देश के सामने सबसे गंभीर चुनौती नक्सलवाद की है। समस्या के मूल कारणों का कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है, सरकार द्वारा सिर्फ हवा में तीर मारने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *