February 2, 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव को चेतावनी: भ्रष्टाचार, दूषित पानी और गौवंश मौतों के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, 8 फरवरी को दिखाया जाएगा काला झंडा

0
Screenshot_20260202-202015_WhatsAppBusiness


धनपुरी (शहडोल)। प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, इंदौर में दूषित पानी के उपयोग से निर्दोष परिवारजनों की असमय मौत और शहडोल जिले के सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल अमलाई ओपन कास्ट माइंस में गौवंश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन मामलों में दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अमलाई ओसीएम क्षेत्र में एसईसीएल प्रबंधन की लापरवाही और लालच का खामियाजा मासूम गौमाताओं को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। बीते दिनों केमिकल और जहरीले पानी के सेवन से कम से कम आठ गौवंश की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, लेकिन न तो प्रबंधन ने जिम्मेदारी स्वीकार की और न ही अब तक कोई ठोस जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में गौवंश की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर आज तक रहस्य का पर्दा नहीं उठ सका।
कांग्रेस का आरोप है कि अधिक कोयला उत्पादन का झूठा आंकड़ा दिखाने और मुनाफे की होड़ में पर्यावरणीय नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। एसईसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत के चलते न केवल सच्चाई दबाई जा रही है, बल्कि दोषियों को संरक्षण भी दिया जा रहा है। यही कारण है कि प्रदेश में कहीं घोटाले उजागर हो रहे हैं, तो कहीं आम जनता और बेजुबान जानवर अपनी जान गंवाने को मजबूर हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष अजय अवस्थी (अज्जू भैया) के निर्देश और वरिष्ठ नेता राजीव शर्मा के मार्गदर्शन में मंडलम कांग्रेस धनपुरी एवं जैतपुर विधानसभा युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का 8 फरवरी 2026 को धनपुरी नगर अंतर्गत सरईकापा रोड पर आगमन प्रस्तावित है। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री का अब तक का कार्यकाल भ्रष्टाचार, संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलताओं का प्रतीक बन चुका है, जिससे पूरा प्रदेश आहत है।
मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद साबिर ने बताया कि यदि 8 फरवरी से पहले अमलाई ओसीएम में गौवंश की मौत के मामले में सच्चाई सामने नहीं लाई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनहित और गौमाता के सम्मान की लड़ाई है, जिसमें कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मंडलम कांग्रेस धनपुरी अध्यक्ष मोहम्मद साबिर, मंडलम कांग्रेस अमलाई अध्यक्ष ओंकार सिंह, ओपीएम मंडलम अध्यक्ष जवाहर राव, ब्लॉक अध्यक्ष खैरहा अभिषेक द्विवेदी, पार्षद हर्ष पाठक करेंगे। कार्यक्रम में युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव हेमंत शर्मा, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक वर्मा सहित जिला व मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह चेतावनी का अंतिम अवसर है। यदि सरकार और एसईसीएल प्रबंधन ने अब भी आंखें मूंदे रखीं, तो जनता के साथ मिलकर कांग्रेस पार्टी निर्णायक आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed