October 27, 2024

सीटों की सौदेबाजी कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र और लोकतंत्र के साथ मजाक:शर्मा

0

दो नई सीटों पर सौदे की चर्चा पर भाजपा का कटाक्ष


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस में सीटों की सौदेबाजी के चल रहे खेल पर फिर कटाक्ष किया है। पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस को सीटों की सौदेबाजी कर लोकतंत्र के साथ भद्दा मजाक करने के आरोपों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा है कि खुज्जी और डोंगरगांव के सौदे की सीडी के विवाद के बाद अब कांग्रेस में बालोद और बलौदाबाजार जिलों की एक-एक सीट पर भी सौदेबाजी की प्रकाशित खबर को लेकर मची खलबली से साफ हो गया है कि कांग्रेस न तो लोकतंत्र का सम्मान करती है और न ही अपने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का। श्री शर्मा ने कहा कि इन दो सीटों पर 50-50 पेटी में सौदेबाजी हुई है और हवाला के जरिए इसका भुगतान हो गया है। यह खबर प्रमुख अखबार में छपी है। पहले दो और अब दो नई सीटों की सौदेबाजी की इस खबर ने कांग्रेस नेतृत्व को न केवल हैरत में डाल दिया है, अपितु शर्मिन्दा भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऊहापोह, अंतर्कलह, गुटबाजी और आपराधिक षड्यंत्रों की राजनीति के चौराहे पर खड़ी कांग्रेस अब सौदेबाजी के इस नये मोर्चे पर बेबस नजर आ रही है, और इसीलिए उसे अपने प्रत्याशी तय करने के लिए नए सिरे से माथापच्ची करनी पड़ रही है। इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि अपने इसी राजनीतिक चरित्र के चलते कांग्रेस छत्तीसगढ़ में जन-विश्वास खा चुकी है और 15 वर्षों से सत्ता से बाहर है। अब येन-केन-प्रकारेण सत्ता हासिल करने की अकुलाहट में बदहवास कांग्रेस नेता तमाम हथकंडे अपना कर कांग्रेस के ही राजनीतिक पतन का नया अध्याय लिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *