सोहागपुर क्षेत्र में दीपावली की शुभकामनाएँ, क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने सभी को दिया सुरक्षा और एकजुटता का संदेश

शहडोल (म.प्र.), 7 नवंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सोहागपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री बी. के. जेना ने प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर क्षेत्र के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों तथा आउटसोर्सिंग पार्टनर्स और उनके कर्मचारियों को परिवार सहित हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
अपने संदेश में श्री जेना ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी सौहार्द, एकता, सहयोग और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने सोहागपुर क्षेत्र की प्रगति और उपलब्धियों में सभी के समर्पण, परिश्रम और सामूहिक योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी इसी एकजुटता, कार्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ सुरक्षा, उत्पादन एवं उत्पादकता के नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए क्षेत्र तथा कोल इंडिया परिवार को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँगे।

श्री जेना ने सभी से आह्वान किया कि इस दीपावली पर सुरक्षित कार्य-संस्कृति, आपसी विश्वास और सामूहिक विकास के संकल्प को और सुदृढ़ करें। उन्होंने कामना की कि सभी के जीवन में खुशियों का प्रकाश सदैव बना रहे।