बच्चों के अधिकार संरक्षण का संकल्प है सुरक्षित बचपन अभियान – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देपालपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
देपालपुर – बचपन की मुस्कान सुरक्षित रहे, बेटियों के सपनों को भय की बेड़ियां न जकड़ें और प्रत्येक बच्चा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सम्मान एवं सुरक्षा के वातावरण में आगे बढ़ सके, इसी सामाजिक सरोकार को साकार करने के उद्देश्य से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देपालपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों के पालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इंदौर तथा तहसील विधिक सेवा समिति, देपालपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
छात्राओं को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला खान ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन प्रत्येक सभ्य एवं संवेदनशील समाज की पहचान है। बच्चों को सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना केवल परिवार अथवा विद्यालय का दायित्व नहीं, बल्कि शासन, प्रशासन, न्याय व्यवस्था और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, गरिमा के साथ जीवन जीने तथा अपने सर्वांगीण विकास का अधिकार है।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने बाल अधिकारों एवं शिक्षा के अधिकार की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अधिकारों की जानकारी व्यक्ति को जागरूक बनाती है और जागरूकता ही अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध सुरक्षा का पहला सशक्त माध्यम है। किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न अथवा शोषण की स्थिति में चुप रहने के बजाय निर्भीक होकर आवाज उठाना आवश्यक है।
डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही साइबर अपराधों से सुरक्षा का प्रभावी उपाय
वर्तमान तकनीकी युग में साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए जिला न्यायाधीश श्री खान ने छात्राओं को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति सचेत किया।
उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि डिजिटल तकनीक, ज्ञान और अवसरों का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसके उपयोग में थोड़ी-सी असावधानी भी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए ऑनलाइन दुनिया में भी अपनी निजता, सुरक्षा और गरिमा का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है।
पॉक्सो अधिनियम बना बच्चों की सुरक्षा का सशक्त कानूनी कवच
कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट दिव्या श्रीवास्तव ने पोक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके कानूनी संरक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की प्रकृति, उनकी पहचान, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा कानून के अंतर्गत उपलब्ध संरक्षण एवं सहायता के उपायों को सरल भाषा में समझाया।उन्होंने छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार का अनुचित स्पर्श, व्यवहार अथवा उत्पीड़न अस्वीकार्य है। ऐसी किसी घटना को छिपाने अथवा भयवश सहन करने के बजाय विश्वसनीय परिजनों, शिक्षकों या संबंधित प्राधिकरण को इसकी जानकारी देना चाहिए। कानून बच्चों की सुरक्षा एवं गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रावधान उपलब्ध कराता है।
जागरूक बालिकाएं ही सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य नेहा बोरासी उपप्राचार्य श्याम चौहान शिक्षक जगदीश मुकाती नीरज गर्ग दीपक जायसवाल निर्भय कुमार पाण्डेय अतुल भावसार विजय सिंह उज्जैनिया संजय सेन एजाज खान शिवलाल यादव प्यारी चौहान बरखा मकवाना कीर्ति पवार सरिता कवछे एवं प्रीति पथरिया सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संजय सेन ने किया और आभार उपप्राचार्य श्याम चौहान ने प्रकट किया।