बुढार ब्लॉक के ग्राम चन्नौडी में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई गांधी जयंती, जिला पंचायत सीईओ की रही गरिमामयी उपस्थिति

चन्नौडी, बुढार (शहडोल)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर बुढार विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम चन्नौडी में गांधी जयंती समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत भवन परिसर में किया गया था, जिसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश के राज्य गान से हुई। गांव की बेटियों द्वारा मधुर स्वर में मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत शहडोल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुद्रिका सिंह पटेल उपस्थित रहे । उनकी गरिमामयी उपस्थिति से पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। जिला पंचायत सीईओ ने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के जो मंत्र बापू ने दिए थे, वे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने ग्रामीणों विशेषकर युवा पीढ़ी से गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने और स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गांधी जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि गांधी जी ने न केवल देश को आजादी दिलाई, बल्कि समाज को नई दिशा भी दी। उनके द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान, ग्राम स्वराज और सर्वोदय की परिकल्पना आज विकसित भारत के संकल्प का आधार है।
कार्यक्रम में सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत भी चर्चा की गई। बताया गया कि जन सेवा ही देश सेवा है, इसी संकल्प के साथ 25 वर्षों की सेवा और समर्पण की यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
समारोह के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुद्रिका सिंह पटेल द्वारा छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीणों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपसरपंच सत्येंद्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश पांडेय, जन अभियान परिषद नवांकुर संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, सचिव सुरेश मिश्रा, समाजसेविका रूही बेगम, लालजी नामदेव, पप्पू यादव, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्कूली छात्राएं व मुद्रिका सिंह पटेल उपस्थित रहे

कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने मिलकर देश की एकता और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रण लिया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन गरिमामय ढंग से किया गया और अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता के कारण यह आयोजन अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा।