रायपुर-मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज दोपहर प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय बम्हनीडीह में आयोजित विशाल आमसभा में जिले की जनता को लगभग 302 करोड़ रूपये की लागत के 27 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। डॉ. सिंह ने इनमें से 132 करोड़ 51 लाख रूपये की लागत से पूर्ण हो चुके 10 निर्माण कार्यो का लोकार्पण और लगभग 169 करोड़ 51 लाख रूपये के 17 नये विकास कार्यो का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने आमसभा में जिले के एक लाख 32 हजार किसानों को लगभग 200 करोड़ रूपए का धान बोनस ऑन लाइन वितरित करते हुए इसके लिए किसानों का अभिनंदन किया। उन्होंने 10 हजार 369 परिवारों को आबादी पट्टा, 2600 श्रमिकों को साइकिल 03 हजार 50 श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण तथा 25 दिव्यांगजनों को मशीनीकृत तिपहिया साइकिलों का वितरण किया।
डॉ. सिंह ने आम सभा में बम्हनीडीह के पास हसदेव नदी में पुल निर्माण की मांग मंजूर करने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए आगामी बजट में प्रावधान कर दिया जाएगा। उन्होंने आम सभा स्थल (खेल मैदान) को बेहतर स्टेडियम के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें प्रमुख रूप से 122 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित शिवरीनारायण-बिर्रा-चांपा मार्ग भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने एक करोड़ 93 लाख रूपये की लागत से निर्मित बेलकरी से बावनमुड़ी मार्ग, एक करोड़ 78 लाख रूपये की लागत से बने भडोरा -जोगीडीपा मार्ग और एक करोड़ 73 लाख रूपये की लागत से निर्मित जैजैपुर मुख्य मार्ग से शिकारीनार सड़क का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने आम सभा में ग्राम खैरझिटी में एक करोड़ 10 लाख रूपये की लागत लागत से निर्मित 33/11 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र भी जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया, उनमें प्रमुख रूप से 95 करोड़ की लागत के बनने वाली 32 किलोमीटर लम्बी सक्ती से टुण्ड्री सड़क, 54 करोड़ रूपये की लागत केे बनने वाली 18 किलोमीटर छोटेसीपत-फरसवानी सड़क, हसौद में 2 करोड़ 72 लाख रूपये से बनने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास, गुचकुलिया में एक करोड़ 62 लाख रूपये के अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम तथा ओड़ेकेरा में एक करोड़ 52 लाख रूपये से निर्मित होने वाला बालक छात्रावास भवन शामिल है।