अमेरिका: फ्लोरिडा के स्कूल में गोलीबारी, कम-से-कम 17 की मौत

0
florida

फ्लोरिडा : बुधवार को अमेरिका एक बार फिर गोलियों की धनधनाहट से दहल गया। एक बंदूकधारी ने प्लोरिडा के हाई स्कूल में अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिसमें कम से कम 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है।

गोलीबारी के दौरान छात्र बुरी तरह डरकर चीखने लगे। उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को मदद के लिए संदेश भेजने शुरू कर दिए।

एबीसी न्यूज ने मौका-ए-वारदात पर मौजूद दो अधिकारियों के हवाले से बताया कि इस हमले में 17 लोग मारे गए हैं। वहीं सीएनएन ने मरने वालों की संख्या 16 बतायी है।

शेरिफ (जिला के प्रमुख अधिकारी) ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना पार्कलैंड के मार्जरी स्टोनमैन डगलस हाई स्कूल में हुई। यह शहर मियामी से 80 किलोमीटर उत्तर की ओर है।

इस साल अमेरिका में गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं हैं। इसके बाद देश में हथियार रखने को लेकर बने कानून पर फिर से बहस शुरू हो सकती है। देश में हर साल 33 हजार लोग बंदूक से जुड़ी घटनाओं के मौत का शिकार बनते हैं।

शेरिफ के ऑफिस ने बताया कि 14 जख्मी लोगों को स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया है। इससे पहले खबर आई थी कि इस हमले में 20 से 50 लोग घायल हुए हैं।

पार्कलैंड की मेयर क्रिस्टीन हन्सचॉफस्की ने सीएनएन को कहा, ‘यह हम सबके लिए बहुत दुखद समय है।’ उन्होंने बताया कि उन्होंने कई छात्रों से बात की है।

उन्होंने कहा, ‘छात्र बुरी तरह डरे हुए थे। जब वे बाहर आए तो सदमे में थे।’

अमेरिकी राष्ट्रपित डॉनल्ड ट्रंप ने भी इस अवसर पर ट्वीट कर अपनी संवेदनाएं जतायीं। उन्होंने कहा, ‘मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं फ्लोरिडा में हुई गोलीबारी में पीड़ितों के साथ हैं।’

गन कंट्रोल की मुहिम चला रहे एक एनजीओ के मुताबिक, ‘जनवरी 2013 से देशभर के स्कूलों में गोलीबारी की कम-से-कम 283 घटनाएं हो चुकी हैं। इसका अर्थ है कि औसतन हर सप्ताह एक स्कूल में गोलीबारी होती है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed