अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी दक्षिण अफ्रीका में गिरफ्तार, खुफिया एजेंसियों की बड़ी कामयाबी

0

 नई दिल्ली 
खतरनाक अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को दक्षिण अफ्रीका से गिरफ्तार कर लिया गया है। कर्नाटक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद भगोड़े गैंगस्टर को भारत लाया जा रहा है। वह अपने धंधे विदेश से चला रहा था। अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से अलग होने के बाद पुजारी पिछले साल सेनेगल में जमानत पर रिहा होने के बाद दक्षिण अफ्रीका भाग गया था, जहां वह ड्रग तस्करी और वसूली के धंधों में लिप्त था।

भारतीय खुफिया विभाग के सूत्रों ने कहा कि पुजारी को दक्षिण अफ्रीका में एक दूर-दराज के गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह बुर्किना फासो के पासपोर्ट पर एंथॉनी फर्नांडीज के झूठे नाम से रह रहा था। भारतीय विदेशी खुफिया एजेंसी की सूचना पर सेनेगल की पुलिस पिछले सप्ताह दक्षिण अफ्रीका पहुंची थी। बता दें कि इंटरपोल ने पुजारी और उसकी पत्नी पद्मा दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटस जारी किया था। हत्या, वसूली समेत लगभग 200 जघन्य मामलों में वांछित 52 वर्षीय पुजारी को दक्षिण अफ्रीकी एजेंसियों की सहायता से हिरासत में लिया गया। 

कौन है रवि पुजारी
* 52 वर्षीय रवि पुजारी का जन्म कर्नाटक में मेंगलुरु के माल्पे में हुआ।
* अंग्रेजी, हिंदी और कन्नड़ भाषाओं का जानकार।
* लगातार कक्षा में फेल होने के कारण स्कूल से बाहर।
* परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा। 28 साल के बेटे की हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में शादी हुई।

2000 के शुरुआती दशक में सुर्खियों में आया था
पुजारी सबसे पहले 2000 के शुरुआती दशक में सुर्खियों में आया था, जब उसने बॉलीवुड की प्रसिद्ध हस्तियों और बिल्डरों से वसूली करनी शुरू की थी। वह मुंबई के एक प्रतिष्ठित वकील की हत्या के प्रयास में भी संलिप्त था। पुजारी की पत्नी पद्मा और बच्चे भी भारत से भाग गए और उनमें से कुछ ने जाली दस्तावेजों से बुर्किना फासो का पासपोर्ट हासिल कर लिया।

अपराध से नाता
* 1990: पुजारी मुंबई के अंधेरी में रहता था। खतरनाक अपराधियों के साथ गैंगस्टर छोटा राजन के करीब आया। 
* 1995: बिल्डर प्रकाश कुकरेजा की चेंबूर में हत्या कर गैंग अचानक सुर्खियों में आ गया।
* 2000: बैंकॉक में छोटा राजन पर दाऊद इब्राहिम के गुर्गों के हमले के बाद उसने खुद का गैंग बनाया।
* 2003: नवी मुंबई में बिल्डर सुरेश वाधवा की हत्या की कोशिश की।
* 2005: कथित रूप से पुजारी के इशारे पर वकील मजीद मेनन का मर्डर।
* 2005: में पत्नी पद्मा की फर्जी पासपोर्ट केस में गिरफ्तारी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *