‘नमस्ते ट्रंप’ ईवेंट से पहले साबरमती आश्रम जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप

0

 नई दिल्ली 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार (24 फरवरी) को अहमदाबाद के मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा लोगों को संबोधित करने से पहले साबरमती आश्रम जाएंगे। साबरमती आश्रम वह जगह है जहां से महात्मा गांधी ने भारत के अहिंसक स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया था।

आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया है कि अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में आयोजित होने जा रहे 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम से पहले डोनाल्ड ट्रंप साबरमती आश्रम में कुछ समय बिताएंगे। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से इस बात को लेकर असमंजस का माहौल था कि ट्रंप साबरमती आश्रम जाएंगे या नहीं? अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे से पहले आश्रम को स्थानीय प्राअधिकारियों द्वारा सजाया गया है। हाल के वर्षों में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे सहित कई विश्व नेता साबरमती आश्रम गए थे। 

इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार (21 फरवरी) को कहा था कि वाइट हाउस को यह फैसला करना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को शहर के एक दिवसीय दौरे के दौरान साबरमती आश्रम जाएंगे या नहीं। रूपाणी का यह बयान बीते दो दिनों से लगाई जा रही उन अटकलों के बाद आया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति साबरमती आश्रम का दौरा नहीं करेंगे। साबरमती आश्रम से महात्मा गांधी का गहरा जुड़ाव रहा था।
 
गुजरात यात्रा में ट्रंप को मिलेगी भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार (24 फरवरी) को अहमदाबाद में रोडशो और यहां के एक क्रिकेट स्टेडियम में उनके संयुक्त संबोधन के दौरान भारत की सांस्कृतिक विविधता के साथ ही गुजरात की समृद्ध परंपराओं का प्रदर्शन होगा। रोडशो के मार्ग में सड़क किनारे गुजरात के ऐतिहासिक स्थलों की प्रतिकृतियां लगायी जा रही हैं।

रोडशो के दौरान 28 राज्यों के कलाकार होंगे शामिल
अधिकारियों ने रविवार (23 फरवरी) को बताया कि गुजरात सहित देश के विभिन्न हिस्सों के नृत्य समूह और गायक रोडशो मार्ग के साथ ही शहर के मोटेरा क्षेत्र में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे। 28 राज्यों के कलाकारों को रोडशो मार्ग के किनारे निर्मित मंच आवंटित किए गए हैं। इस रोडशो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोग दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक मंच पर गरबा भी होगा जो कि पारंपरिक गुजराती नृत्य है। अधिकारियों ने कहा कि ये प्रस्तुतियां देश की विविध संस्कृति की एक झलक पेश करेंगी।

बॉलीवुड गायक भी देंगे प्रस्तुति
मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के लिए बनाए गए मंच पर लोक प्रस्तुतियों के अलावा बॉलीवुड गायक भी प्रस्तुतियां देंगे। मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और मोदी एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। गुजरात क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने बताया कि बॉलीवुड गायक कैलाश खेर और पार्थिव गोहिल तथा कीर्तिदान गढ़वी, गीता रबारी, पुरुषोत्तम उपाध्याय और साईराम दवे स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे। एक अधिकारी ने कहा कि सांस्कृति कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों से भी सम्पर्क किया गया है। इन छात्रों से कार्यक्रम के लिए एक सप्ताह पूर्व ही अभ्यास करने को कहा गया था।

रोडशो के मार्ग में सड़क के किनारों पर गुजरात के ऐतिहासिक स्थलों की प्रतिकृतियां लगायी जा रही हैं। इसके अलावा ट्रंप का स्वागत करने के लिए अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर का 12वीं सदी के 'कीर्ति तोरण' का एक कटआउट लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *