संघ प्रमुख ने कहा, आजादी के आंदोलन में कांग्रेस का बड़ा योगदान, देश को अनेक महापुरुष दिए

0

नई दिल्ली : संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई थी और भारत को अनेक महापुरुष दिए।

मोहन भागवत ने कहा “हमारे देश के लोगों में राजनीतिक समझदारी कम है. सत्ता किसकी है इसका क्या महत्व है लोग कम जानते हैं. अपने देश के लोगों की राजनीतिक जागृति करनी चाहिए.और इसीलिए कांग्रेस के रूप में एक बड़ा आंदोलन देश में खड़ा हुआ और उसमें भी सर्वत्यागी महापुरुष जिनकी प्रेरणा आज भी हमारे जीवन में प्रेरणा का काम करती है, ऐसे लोग पैदा हुए.”

आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दिल्ली में तीन दिन का अधिवेशन आयोजित कर रहा है, जिससे लोग संगठन को समझ सकें। ‘भविष्य का भारत : RSS दृष्टिकोण’ नामक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए देश ने जो संघर्ष किया, उसकी वजह से देश को कई महान नेता मिले।

अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने डॉ. हेडगेवार के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य अद्वितीय है। इस कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से विभिन्न क्षेत्रों की जानीमानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। सोमवार को कार्यक्रम में अभिनेत्री मनीषा कोइराला, ऐक्टर रवि किशन और अन्नू कपूर भी पहुंचे।

भागवत ने कहा, ‘हम तिरंगे का सम्मान करते हैं। भारत हिंदू राष्ट्र था, है और रहेगा, हमें अपने देश के लिए ही जीना चाहिए। हिन्दुत्व हमारे समाज को एकजुट रखता है।’ संघ प्रमुख ने आगे कहा, ‘संघ को लोग समझ नहीं पाते हैं क्योंकि संघ अनोखा है। हमें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि सत्ता में कौन है, हम बस अपना काम करते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *