December 14, 2025

बीजेपी का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान, भोपाल में बड़ी रैली

0
1-15.jpg

भोपाल
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर बीजेपी का अब तक का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान आज से शुरू हो चुका है। अभियान के तहत एक ही दिन में 42 जगहों पर भाजपा के 42 बड़े नेता घर-घर संपर्क अभियान लॉन्च करेंगे और अगले 10 दिन में बीजेपी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक और नेता देश के 3 करोड़ लोगों तक पहुंचेंगे। भोपाल में एक बड़ी रैली निकाली गई।

नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा आज पूरे प्रदेश में एक साथ परिवार संपर्क अभियान चला रही है। मकर संक्रांति तक चलने वाले इस अभियान में लोगों को जागरुक करने के लिए भोपाल में खुद प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह घर-घर जाकर लोगों को सीएए के बारे में जानकारी देने का काम कर रहे हैं। उधर, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना और पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल सीधी में परिवार संपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा ने आज सभी 65 हजार बूथों पर इस अभियान को चलाने का काम भी शुरू किया है।  प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने राजधानी के अरेरा कॉलोनी में संपर्क के दौरान कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के बारे में कांग्रेस एवं अन्य विरोधी दलों द्वारा लगातार भ्रम फैलाया जा रहा है। इसीलिए पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी, सभी जन प्रतिनिधि अपने-अपने बूथ के 25 परिवारों से संपर्क करेंगे। ये कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि परिवार के मुखिया से संपर्क करके उन्हें यह समझाएंगे कि यह कानून देश के किसी नागरिक के खिलाफ नहीं है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आज मुरैना में इस कानून के समर्थन में संपर्क करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा के पदाधिकारी अपने निवास क्षेत्र के घरों में संपर्क में जुटे रहे।

सीएए के समर्थन में आज भोपाल में पैदल मार्च कर रैली निकाली गई। वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान आज इसी को लेकर असम में घर-घर संपर्क करने पहुंचे हैं। वे यहां असम बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए रायशुमारी भी करेंगे।

भोपाल में जागरुक नागरिक मंच द्वारा रैली निकाली गई। यह रैली में भारत माता चौराहा (डिपो चौराहा) से रोशन पुरा चौक होकर रंगमहल पहुंची। फिर जवाहर चौक में इसका समापन हुआ।

जनजागरण अभियान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जन प्रतिनिधि जिन परिवारों में जाएंगे, वे परिवार के मुखिया का नाम और फोन नंबर दर्ज करेंगे। वे परिवार के मुखिया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नागरिकता संशोधन कानून बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापन पर हस्ताक्षर कराएंगे। इसके अलावा वे मुखिया से पार्टी के टोल फ्री नंबर 88662-88662 पर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मिस कॉल भी कराएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed