एसईसीएल सोहागपुर एरिया में रामपुर-बेलिया के परियोजना प्रभावितों को मिला रोजगार, आश्रितों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

धनपुरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) सोहागपुर क्षेत्र द्वारा भू-विस्थापित परियोजना प्रभावित परिवारों को रोजगार देने की मुहिम के तहत आज फिर बड़ी पहल की गई। सोहागपुर एरिया मुख्यालय में आयोजित समारोह में रामपुर बटुरा खुली खदान (ओसीएम) एवं बेलिया के परियोजना प्रभावित परिवारों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र (जॉइनिंग लेटर) सौंपे गए।जानकारी के अनुसार आज जिन आश्रितों को जॉइनिंग लेटर प्रदान किया गया, उनमें कु. आकृति तिवारी, गुलजार राठौर, भीमसेन राठौर और दिनेश बैगा शामिल हैं। यह सभी नियुक्त युवा रामपुर-बेलिया के निवासी हैं। लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों को नियुक्ति पत्र मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
यह नियुक्ति पत्र एसईसीएल सोहागपुर एरिया के महाप्रबंधक श्री बी.के. जेना, जीएम ऑपरेशन श्री मनीष श्रीवास्तव, रामपुर बटुरा उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री संदीप शर्मा, एरिया कार्मिक प्रबंधक (एच.आर.) श्री बलराम हेम्ब्रम सहित कार्मिक विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किए गए। अधिकारियों ने सभी नव-नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए एसईसीएल परिवार में उनका स्वागत किया और ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर जनपद पंचायत सोहागपुर के सदस्य एवं वन समिति सभापति श्री चंद्र कुमार तिवारी ने एसईसीएल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा –
“मैं एसईसीएल सोहागपुर एरिया के महाप्रबंधक श्री बी.के. जेना साहब, जीएम ऑपरेशन मनीष श्रीवास्तव जी, उप क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा जी और कार्मिक प्रबंधक बलराम हेम्ब्रम जी का दिल से धन्यवाद करता हूँ। मेरी बेटी आकृति तिवारी को आज रोजगार का नियुक्ति पत्र मिला है, यह हमारे पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी की बात है। एसईसीएल प्रबंधन ने हमेशा परियोजना प्रभावित परिवारों के हित में काम किया है। आज जिन भी आश्रितों – गुलजार, भीमसेन और दिनेश को रोजगार मिला है, मैं उन सभी को बधाई देता हूँ और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ।”इस मौके पर किसान नेता भूपेश शर्मा ने भी सभी नव-नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एसईसीएल द्वारा लगातार परियोजना प्रभावितों को उनका हक और रोजगार दिया जाना अत्यंत सराहनीय कदम है, इससे युवाओं में कंपनी के प्रति विश्वास बढ़ा है।
गौरतलब है कि रामपुर बटुरा और बेलिया ओसीएम के विस्तार के कारण कई परिवारों की भूमि अधिग्रहित की गई थी। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा नियमानुसार उन्हें रोजगार, मुआवजा और पुनर्वास की सुविधाएं दी जा रही हैं।