दर्शक दीर्घा में पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई पर दिया जोर

नारायणपुर ,आदिम जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज मुख्यमंत्री की विकास यात्रा के दौरान 14 मई को आयोजित होने वाली आमसभा की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन दिया। आम सभा जिला मुख्यालय नारायणपुर स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित है। श्री कश्यप ने विकास कार्यो के लोकार्पण और भूमिपूजन की सभी तैयारियों को गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिये। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया, वरिष्ठ अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और समाज सेवियों की बैठक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मंत्री श्री कश्यप ने तेज धूप में पेयजल व्यवस्था और बे-मौसम बारिश से बचाव के सभी इंतजाम पूरे करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि दर्शक दीर्घा में पेयजल की बेहतर व्यवस्था की जाये। इसके साथ ही साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान रखा जाये, विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए अभी से व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली जाये। मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के कारण आम जनता को परेशानी न हो। इस बात का भी ध्यान रखा जाये। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आम सभा की तैयारियों की और अन्य इंतजामों की विस्तृत जानकारी दी।
मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 12 मई को दंतेवाड़ा के माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद विकास यात्रा का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री विकास यात्रा के तीसरे दिन कोण्डागांव में 14 मई को सवेरे 9ः30 बजे पत्रकारों से चर्चा के बाद पूर्वान्ह 11 बजे कोण्डागांव से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 11ः30 बजे जिला मुख्यालय नारायणपुर पहुंचेंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री यहां से रवाना होकर कोण्डागंाव जिले के ग्राम फरसगांव (विकासखण्ड केशकाल) में स्वागत सभा में शामिल होंगे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री भूपेन्द्र साहू, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण श्री एफ टोप्पो, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री के.एस.मसराम, नगर पालिका सी.एम.ओ. श्री महेन्द्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे।