एसईसीएल व निजी कंपनियों पर स्थानीय युवाओं के शोषण के गंभीर आरोप, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरविंद रजक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपा ज्ञापन

धनपुरी/शहडोल।सोहागपुर क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत एसईसीएल एवं निजी कंपनियों द्वारा स्थानीय युवाओं और श्रमिकों के कथित शोषण का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस गंभीर विषय को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल धनपुरी के अध्यक्ष अरविंद रजक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय युवाओं की पीड़ा और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरविंद रजक से आमने-सामने मुलाकात कर विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरविंद रजक द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न कोयला खदानों में कई निजी कंपनियां—जिनमें आर.के.टी.सी., अमलाई धनपुरी, जय अंबे रामपुर और प्रगति ट्रांसपोर्ट सहित अन्य संस्थाएं कार्यरत हैं—स्थानीय बेरोजगार युवाओं की अनदेखी कर बाहरी श्रमिकों को प्राथमिकता दे रही हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि रोजगार उपलब्ध कराने में पारदर्शिता का अभाव है तथा स्थानीय युवाओं को अवसरों से वंचित किया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों और मजदूरों से निर्धारित 8 घंटे के स्थान पर 12 घंटे तक कार्य कराया जा रहा है, जबकि उन्हें नियमानुसार पारिश्रमिक भी नहीं दिया जाता। इससे श्रमिकों में असंतोष और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि श्रमिकों को खदान क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। भीषण गर्मी के दौरान भी शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से श्रमिकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अरविंद रजक ने पत्र के माध्यम से यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्रीय महाप्रबंधक द्वारा इन कंपनियों पर प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे श्रमिकों का शोषण निरंतर जारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं के हितों की रक्षा करते हुए दोषी कंपनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी निजी कंपनी द्वारा श्रमिकों और युवाओं का दमन न किया जा सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हुई भेंट के दौरान अरविंद रजक ने क्षेत्र की बेरोजगारी, श्रमिक हितों और औद्योगिक पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र के युवाओं में उम्मीद जगी है कि शासन स्तर पर उठाया गया यह मुद्दा शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम देगा और स्थानीय युवाओं को न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त