हौसलों की उड़ान ही प्रतिभा की पहचान : जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला ख़ान

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को पुरस्कार वितरण के साथ विश्व कैंसर दिवस पर बचाव हेतु दिया गया प्रेरक संदेश
देपालपुर (इंदौर) — विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विश्व दिव्यांग दिवस पर आयोजित किए गए खेलकूद प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान के मुख्य आतिथ्य में जनपद प्रांगण में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खण्ड पंचायत अधिकारी जनपद पंचायत देपालपुर श्री राजेंद्र खरे एवं बी.आर.सी.श्री गणेश सोलंकी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश माननीय हिदायत उल्ला ख़ान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती, उसे केवल अवसर और विश्वास की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने अपनी सहभागिता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि दिव्यांगता कोई बाधा नहीं, बल्कि विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में हार केवल तब होती है, जब हम प्रयास करना छोड़ देते हैं। इस अवसर पर उन्होंने मोबाइल स्रोत सलाहकार बशीर नागौरी को दिव्यांग बच्चों के मध्य खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न कराए जाने हेतु बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की मुस्कान, आत्मविश्वास और खेल भावना ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर विश्व कैंसर दिवस के संदर्भ में प्रभावी संदेश देते हुए जिला न्यायाधीश श्री ख़ान ने कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि समय पर जांच, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ उससे लड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जानकारी और सतर्कता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड पंचायत अधिकारी श्री राजेंद्र खरे एवं बी.आर.सी. श्री गणेश सोलंकी ने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों के आत्मबल को सुदृढ़ करते हैं तथा समाज में समावेशी और संवेदनशील दृष्टिकोण को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सलाहकार बशीर नागौरी व कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण नागर ने किया एवं आभार प्रदर्शन सीएसी रमेश झालारिया द्वारा किया गया। समारोह में जनपद पंचायत स्टाफ श्रीमती रश्मि साहू श्रीमती गीता नामदेव सहित छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावकगण एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सहभोज आयोजित किया गया। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि समान अवसर, सकारात्मक वातावरण और संवेदनशील सोच से हर बच्चा अपनी अलग पहचान बना सकता है।