February 2, 2026

अटल जी की स्मृति में श्रद्धा और संकल्प का संगम,धनपुरी में भावपूर्ण आयोजन, युवाओं को राष्ट्रनिर्माण का संदेश

0
IMG-20251225-WA0015


धनपुरी।भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल धनपुरी द्वारा श्रद्धा, विचार और संकल्प से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वार्ड क्रमांक 20 स्थित दुर्गा मढ़िया प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष अमिता चपरा के निर्देशानुसार, मंडल प्रभारी कैलाश बिसनानी के मार्गदर्शन तथा मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम स्थल पर अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
वार्ड प्रभारी अरुण जायसवाल (बबलू) ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित विचारक थे। उन्होंने राजनीति को सेवा, संवेदना और सुचिता से जोड़ा। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और वर्तमान पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
बूथ अध्यक्ष बृजेश कचेर ने कहा कि अटल जी दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक थे, जिन्होंने मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अटल जी के सपनों का भारत साकार हो रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदन लाल कपूर ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन सादगी, सिद्धांत और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, मूल्यों और संस्कारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर धीरू मिश्रा, मनोज द्विवेदी, शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, गगन सेन, मोनू वर्मा, राजेश कोल, विनोद कचेर, अच्छे लाल, रमेश सेन, अतीक खान, दिनेश प्रसाद, गोपाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अटल जी के विचारों को जीवन में उतारने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच के संदेश के साथ हुआ, जहां उपस्थित जनसमूह ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को आत्मसात कर सशक्त, समृद्ध और संस्कारित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed