दिल्ली-NCR में बारिश से लौटेगी ठंड, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी

0

नई दिल्ली                                                                                                                                                    
दिल्ली-एनसीआर में होली तक सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। बहुत ही कम अंतराल में आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसा होगा। दिल्ली में शनिवार की सुबह से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। बीते सप्ताह भर से लोगों को सर्दीसे काफी राहत मिली थी। हालांकि, सुबह और शाम के समय अभी भी गरम कपड़ों की जरूरत बनी हुई है। पश्चिमी विभोभ के चलते शनिवार की दोपहर बाद शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम ने करबट ली। वहीं, पिथौरागढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और जिला मुख्यालय के साथ घाटी वाले क्षेत्रों में कई जगह बारिश से जनपद में ठंड का असर तेज हो गया है। हालांकि कुमाऊं के अन्य क्षेत्रों में धूप के साथ बादलों की आवाजाही रही। 

मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में शनिवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। तापमान में दो डिग्री तक की कमी आने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक और पश्चिमी विक्षोभ पांच और छह तारीख को दिल्ली के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके चलते भी बूंदाबांदी के आसार है। इससे भी मौसम में ठंड का आलम बना रहेगा। बल्कि, बूंदाबांदी के चलते छह तारीख को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक आ जाने के आसार जताए जा रहे हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि इसका असर होली पर भी देखने को मिलेगा। दस तारीख को होली का त्योहार है। लेकिन, इस समय तक मौसम में बहुत ज्यादा गर्मी आने की संभावना कम ही है। इस दौरान भी सुबह और शाम की ठंड बनी रहने के ही आसार हैं।

प्रदूषण में आई कमी

राजधानी में शनिवार को बारिश के दौरान तीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसके चलते प्रदूषक कणों का बिखराव भी बेहद तेज हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शनिवार के दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 135 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 अंक पर था। अभी एक-दो दिन तक हवा साफ-सुथरी रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *