मेट्रो में लड़की के सामने खोली जिप, FIR दर्ज

0

नई दिल्ली
दिल्ली मेट्रो में एक लड़की के सामने अश्लील हरकत करने की शर्मनाक वारदात सामने आई है। यह घटना बुधवार शाम 6 बजे यलो लाइन मेट्रो में हुई है जब लड़की दिल्ली से गुड़गांव जा रही थी। उसके सामने खड़े एक युवक ने अपने पैंट की जिप खोल दी और अश्लील हरकतें करने लगा। इस बात से लड़की इतनी घबरा गई और किसी को उस वक्त बता नहीं पाई कि वहां क्या हुआ। हालांकि, उसने लड़के की तस्वीर खींच ली और बाद में पुलिस में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई।

लड़की का आरोप है कि पुलिस पहले एफआईआर दर्ज करने से आनाकानी करती दिखी लेकिन महिला हेल्पलाइन पर कॉल की तो पुलिस ने तेजी दिखाई। मामले में यौन उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फोटो की मदद से पुलिस आरोपी को तलाशने में जुटी है।

मेट्रो में खोली पैंट की जिप
लड़की ने बताया कि शाम को वह जॉब से घर लौट रही थी और मेट्रो के सातवें कोच के आखिर में लगी टू सीटर वाली सीट पर बैठी थी। सामने गेट के पास एक लड़का खड़ा था, जो चुपचाप लगातार उसकी तरफ देख रहा था। कुछ देर बाद वह लड़का पीछे मुड़ा और फिर लड़की के सामने पैंट की जिप खोल दी। लड़की को सेक्शुअली हैरेस करने लगा। आरोपी ने सामने की तरफ अपना बैग लटका लिया था, ताकि और किसी को उसकी यह हरकत नजर ना आए। लड़की के मुताबिक, वह लड़का करीब एक मिनट तक वही हरकत करता रहा। लड़की मेट्रो के फ्लोर की तरफ देखने लगी। कुछ देर बाद लड़का मेट्रो के दरवाजे की तरफ मुड़कर खड़ा हो गया और फिर चुपचाप दूसरे कोच में चला गया।

पीड़िता ने ट्विटर पर शेयर की आपबीती
पीड़ित लड़की ने आपबीती सोशल मीडिया पर शेयर की है जिसपर संज्ञान लेते हुए डीएमआरसी ने उसे जवाब दिया। डीएमआरसी ने कहा कि ऐसे हालात में तुरंत मदद के लिए मेट्रो या सीआईएसएफ की हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी मेट्रो स्टेशन के स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं। ऐसी शिकायतों पर तुरंत ऐक्शन लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *