पति-बॉयफ्रेंड के सामने करते थे महिलाओं से गैंगरेप, गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार

0

अहमदाबाद
अहमदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार को वीरमगाम के वसावा गांव से कुख्यात अपराधी अकबर उर्फ लूलो संधी (45) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अकबर का नाम दो गैंगरेप केस में सामने आया था। क्राइम ब्रांच के प्रभारी डीसीपी राजदीपसिंह झाला ने कहा कि अकबर के गैंग के तीन सदस्य अब भी फरार हैं।
उन्होंने कहा, 'हमें अभी तक दो गैंगरेप केसों में उसकी भूमिका के बारे में पता चला है। एक मामले में एक लड़की का गैंगरेप उसके बॉयफ्रेंड के सामने और दूसरे मामले में एक महिला का गैंगरेप उसके पति के सामने किया गया था।'

सुनसान जगह पर कपल्स को बनाते थे निशाना
10 अक्टूबर को अकबर और उसके दो साथियों ने नर्मदा नहर के पास से गुजर रही एक लड़की और उसके बॉयफ्रेंड को रोका। दोनों से जेवर और नकदी की मांग की, मगर उनके पास ज्यादा कुछ नहीं था। इससे नाराज तीनों बदमाशों ने लड़के के हाथ-पैर बांधकर उसके सामने लड़की से गैंगरेप किया और बाद में दोनों को छोड़कर भाग गए। जाते वक्त अकबर लड़के का हेलमेट ले गया, जो उसके पास से बरामद हुआ है।

लूट के इरादे से रोकते, कुछ न मिलने पर करते थे गैंगरेप
क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'यह गैंग लूट, डकैती और हत्या जैसे काम भी करता था। किसी महिला के पास अगर महंगी जूलरी नहीं मिलती तो ये उसके साथ रेप करते थे।' क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि इस गैंग ने गुजरात के साणंद, सरखेज, बावला, कलोल, लंघदज, बागोदरा, मेहसाणा और वीरमगाम जैसी जगहों पर 18 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *