बीजेपी ने शिवराज, रमन सिंह और वसुंधरा राजे को बनाया पार्टी उपाध्यक्ष

0

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और वसुंधरा राजे को गुरुवार को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही बीजेपी अपने इन तीन प्रभावशाली नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति में ले आई। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक से ठीक पहले ये नियुक्तियां की हैं।

पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लोकसभा चुनाव प्रचार का अजेंडा रहने की संभावना है। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह ने एक ट्वीट कर कहा कि अमित शाह ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपना उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। गौरतलब है कि हाल में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सत्ता गंवा दी। शिवराज सिंह चौहान और रमन सिंह तीन कार्यकाल तक क्रमश: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे। वहीं वसुंधरा राजे राजस्थान की मुख्यमंत्री थीं।

इधर खुद को पार्टी उपाध्यक्ष बनाए जाने पर डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट किया, ‘विश्व के सबसे बड़े दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी का आभार व्यक्त करता हूं। मैं पूरी निष्ठा और कर्मठता से दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करता रहूंगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *