राहुल गांधी की दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली आज, लाखों लोग होंगे शामिल

0

नई दिल्ली । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली जनआक्रोश रैली के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए देर रात तक कांग्रेस के नेता रामलीला मैदान में मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य मीडिया प्रभारी मेहंदी माजिद ने बताया कि रैली में शामिल होने वाले लोगों के बैठने के लिए 25 हजार कुर्सियों का इंतजाम किया गया है।

इसके साथ ही पानी, शरबत और ठंडे दूध की व्यवस्था की गई है। रामलीला मैदान में आधा दर्जन एलइडी स्क्रीन लगाई गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 11.30 बजे लोगों को संबोधित करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने पूरी ताकत झोंक दी है।

राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में उनकी यह पहली रैली है। बताया जा रहा है कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन का दावा है कि रैली में डेढ़ से दो लाख लोग शामिल होंगे।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा है- मोदी सरकार के चार साल-युवाओं को रोजगार नहीं, महिलाओं को सुरक्षा नहीं, किसानों को सही दाम नहीं, दलितों-अल्पसंख्यकों को अधिकार नहीं। इस निराशा से फैले भारी आक्रोश को प्रकट करने के लिए कल सुबह 9:30 बजे रामलीला मैदान में “जन-आक्रोश रैली” में शामिल हों।’

जानकारों की मानें तो जन आक्रोश रैली का आयोजन आगामी लोकसभा चुनाव को केंद्र में रख कर किया जा रहा है। इस रैली को कांग्रेस के लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उनकी पहली बड़ी रैली का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *