December 5, 2025

गलत था बाबरी ढहाना तो दोषियों को सजा कब?: दिग्विजय

0
3-23.jpg

 

नई दिल्ली
अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के बहुप्रतीक्षित फैसले को लेकर कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह ने टिप्पणी करते हुए एक नया सवाल उठाया है। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम ने एक तरफ शीर्ष अदालत के फैसले स्वागत किया तो दूसरी तरफ सवाल उठाया कि बाबरी मस्जिद तोड़ने वालों को कब सजा मिलेगी?

अपने विवादित बयानों के लिए चर्चित रहे दिग्विजय सिंह ने एक दिन बाद इस मसले पर चुप्पी तोड़ते हुए ट्वीट किया, 'सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्म भूमि फैसले में बाबरी मस्जिद को तोड़ने के कृत्य को गैर कानूनी अपराध माना है। क्या दोषियों को सजा मिल पायेगी? देखते हैं। 27 साल हो गए।'

इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट के फैसले को लेकर कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान के दायरे में हल की पक्षधर रही है। उन्होंने ट्वीट किया, 'राम जन्म भूमि के निर्णय का सभी ने सम्मान किया हम आभारी हैं। कांग्रेस ने हमेशा से यही कहा था, हर विवाद का हल संविधान द्वारा स्थापित कानून व नियमों के दायरे में ही खोजना चाहिए। विध्वंस और हिंसा का रास्ता किसी के हित में नहीं है।'

राहुल गांधी ने की थी कोर्ट के फैसले के सम्मान की अपील
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शनिवार को ही इस मसले पर ट्वीट किया था कि सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मुद्दे पर अपना फैसला सुना दिया है। कोर्ट के इस फैसले का सम्मान करते हुए हम सब को आपसी सद्भाव बनाए रखना है। ये वक्त हम सभी भारतीयों के बीच बंधुत्व,विश्वास और प्रेम का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *