धनपुरी: एसपी के निर्देश पर अमलाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रामपुर बटुरा ओसीएम कोयला यार्ड में सुरक्षाकर्मी से मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार; तीन फरार

0
8186967

धनपुरी। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा जिले में अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम एवं अंकुश लगाने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देश के पालन में अमलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामपुर बटुरा ओसीएम में शासकीय कार्य में बाधा डालने व सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट करने के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रामपुर बटुरा खुली खदान (ओसीएम) के कोल यार्ड एवं कांटा घर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) के जवान के साथ गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और शासकीय कार्य में बाधा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सुरक्षाकर्मी अजय कुमार पटेल ने थाना अमलाई में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई थी।

नशे में धुत होकर घुसे, रोका तो कर दी मारपीट

शिकायत के अनुसार अजय पटेल कोल यार्ड में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान चार युवक नशे की हालत में अवैध रूप से यार्ड के अंदर घुस आए और वहां खड़े ट्रकों के चालकों से गाली-गलौज और अवैध वसूली करने लगे। रोकने पर आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी को घेर लिया और लात-घूंसों से पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी।

कोल यार्ड में गुंडा टैक्स और डीजल चोरी का आतंक

ट्रक चालकों का आरोप है कि कोल यार्ड में आए दिन दर्जनों अनाधिकृत लोग घुस आते हैं और आतंक मचाते हैं। देश भर से पावर प्लांट, ईंट-भट्टा और फैक्ट्रियों के लिए कोयला लोड करने आए ट्रक-ट्राला चालकों से 500 से 1000 रुपये गुंडा टैक्स मांगा जाता है। पैसा न देने पर रात में गाड़ियों से डीजल चोरी और विरोध करने पर मारपीट की जाती है। डर के कारण चालक मुंह खोलने से डरते हैं।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

शिकायत पर अमलाई पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर मुख्य आरोपी हीरामणि त्रिपाठी उर्फ बुग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों में सुनील तिवारी, सूरज तिवारी और राज द्विवेदी शामिल हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।

थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि कोल यार्ड में अवैध वसूली, डीजल चोरी और नशे में हंगामे की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed