February 3, 2026

PM मोदी वाराणसी से फिर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार, जल्द जारी होगी BJP की पहली लिस्ट

0
bjp1

नई दिल्ली : लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बुधवार को तीसरी बार बैठक हुई। ऐसा माना जा रहा है कि शुरुआती कुछ चरणों के चुनाव के लिए अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 11 अप्रैल से सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अब तक उम्मीदवारों की कोई सूची जारी नहीं की गई है।

पार्टी केन्द्रीय मंत्रियों रविशंकर प्रसाद, आर के सिंह और गिरिराज सिंह को क्रमश: पटना साहिब, आरा और बेगूसराय सीटों से उतार सकती है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में केन्द्रीय मंत्रियों वी के सिंह और सत्यपाल सिंह को उनकी सीटों पर फिर से उतार सकती है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से फिर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और पार्टी यह भी विचार-विमर्श कर रही है कि क्या उन्हें एक और सीट से चुनाव मैदान में उतारा जाए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बड़ी संख्या में सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है और जल्द ही इन नामों की घोषणा हो सकती है।

पहली सूची में पहले और दूसरे चरण के लिए उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत पार्टी के बड़े नेता शामिल हैं।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बीते मंगलवार (19 मार्च) को भी बैठक हुई थी। आज (20 मार्च) भाजपा सीईसी की यह तीसरी बैठक थी। इन बैठकों में भाजपा ने सात पूर्वोत्तर राज्यों, बिहार, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में अपने उम्मीदवार लगभग तय कर लिए हैं। पार्टी इससे पहले आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति बिहार, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ के बारे में व्यापक चर्चा कर चुकी है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने अधिकतर केंद्रीय मंत्रियों को उनकी वर्तमान सीट से उम्मीदवार बनाने का सुझाव दिया है।मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन ने कहा था कि पार्टी छत्तीसगढ़ में अपने 10 मौजूदा सांसदों को टिकट नहीं देगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। सूत्रों ने बताया कि गुजरात भाजपा ने भी सभी 26 सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed