11 दिन बाद खत्म हुआ क्रमिक अनशन, प्रबंधन ने लिखित आश्वासन देकर थमाया आंदोलन

0
8082327

मुआवजा, रोजगार, स्कूल निर्माण और क्षेत्रीय विकास की मांगों पर बनी सहमति; अतरिया में एसईसीएल प्रबंधन ने सौंपा लिखित आश्वासन

शहडोल। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के रामपुर-बटुरा ओसीएम अंतर्गत ग्राम अतरिया में रोजगार, भूमि मुआवजा, स्कूल निर्माण एवं क्षेत्रीय विकास सहित विभिन्न मांगों को लेकर क्षेत्रीय एकता संगठन द्वारा पिछले 11 दिनों से चलाया जा रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को प्रबंधन एवं प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद समाप्त हो गया। अनशन स्थल पर पहुंचे प्रशासन एवं माइंस प्रबंधन के अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद प्रबंधन की ओर से मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन सौंपा गया, जिसका उपस्थित लोगों के समक्ष वाचन किया गया।

70 प्रतिशत मुआवजा भुगतान का दावा
भूमि मुआवजे के संबंध में प्रबंधन ने बताया कि ग्राम अतरिया में भूमि अधिग्रहण के एवज में करीब 70 प्रतिशत प्रभावितों को मुआवजा भुगतान किया जा चुका है। शेष प्रभावित लोगों के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका मुआवजा लंबित है। प्रबंधन के अनुसार दस्तावेज जमा होने के बाद संबंधित प्रभावित किसानों एवं उनके परिवारों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

स्थानीय युवाओं को रोजगार का आश्वासन
रोजगार की मांग पर प्रबंधन ने संगठन द्वारा उपलब्ध कराई गई नामों एवं सूचनाओं की सूची पर शीघ्र विचार करने तथा आवश्यकता के अनुरूप रोजगार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। जेएमबी (जय अंबे) कंपनी में क्षेत्रीय बेरोजगार युवाओं को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसके अलावा विभिन्न रोजगार सूचियों का मिलान कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अन्य कंपनियों में उपलब्ध अवसरों के अनुसार क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

55 लाख की स्वीकृति के बाद स्कूल भवन निर्माण
विद्यालय भवन निर्माण की मांग पर बताया गया कि जिला प्रशासन के माध्यम से सीएसआर मद से स्कूल भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। संबंधित दस्तावेज तहसीलदार के पास उपलब्ध हैं। प्रबंधन ने बताया कि 55 लाख रुपये की स्वीकृति के बाद विद्यालय भवन निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। इसके साथ ही अन्य सीएसआर कार्यों के लिए प्राप्त मांगों एवं प्रस्तावों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें स्वीकृति दिलाने का आश्वासन भी दिया गया।

लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त
क्षेत्रीय एकता संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम बिछिया, खैरबन एवं अतरिया के प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न मांगों को लेकर 11 दिनों से क्रमिक अनशन चल रहा था। प्रबंधन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद फिलहाल अनशन समाप्त किया गया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि आगे की कार्रवाई प्रबंधन द्वारा किए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन के आधार पर संगठन के पदाधिकारियों के निर्देशन में तय की जाएगी।

अनशन समाप्ति के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय अवस्थी, प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव प्रदीप सिंह, किसान नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भूपेश शर्मा, जनपद सदस्य एवं सभापति चंद्र कुमार तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मुबारक मास्टर, अनुज मिश्रा, राजीव शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रमोद जैन, उमा धुर्वे, श्रीराम मिश्रा, अभिषेक द्विवेदी, मनोज सिंह, हर्ष पाठक, जवाहर राव, मनमोहन चौधरी, ओमकार सिंह, अभिषेक सिंह मम्मू, रमाकांत विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, माधव प्रजापति, बिहारलाल साहू, बीडी सिंह, ओमप्रकाश राव, नीलू राव, जयप्रकाश राव, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रभावित क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *