December 14, 2025

विधायक अंबिका सिंहदेव ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

0
ad4

कोरिया,भारत के गणतंत्र दिवस की 69वीं सालगिरह कोरिया जिले में गरिमामय और हर्षोल्लास से मनाई गई। जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 बैकुण्ठपुर की विधायक अंबिका सिंहदेव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री भूपेष बघेल का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह बैकुण्ठपुर के शासकीय आदर्श रामानुज उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में हुआ। इस दौरान विधायक अंबिका सिंहदेव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेष बघेल और अपनी ओर से प्रदेश सहित कोरिया जिले के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार दुग्गा और पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला भी उनके साथ थे। सिंहदेव ने मुख्यमंत्री भूपेष बघेल का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश में कहा कि यह अवसर भारत के गौरवशाली अतीत को याद करने का है, जिसके दो महान अध्याय हैं स्वतंत्रता दिवस-15 अगस्त 1947 और गणतंत्र दिवस-26 जनवरी 1950। भारत को आजादी दिलाने के लिए अनगिनत लोगों ने जान की बाजी लगाई थी। भारत का संविधान बनाने में भी अनेक महान विभूतियों का अथक योगदान दर्ज है।
मुख्य अतिथि सिंहदेव ने संदेश वाचन के बाद मंच से शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारें छोड़े। इसके बाद परेड में शामिल जिला पुलिस बल, जिला पुलिस महिला बल और जिला नगर सेना की सषस्त्र टुकडियों ने हर्षफायर कर राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी। मुख्य अतिथि की ओर से कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए संबंधित संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया। मार्च पास्ट में सशस्त्र दल (परेड सीनियर) की उत्कृष्ट प्रस्तुति पर प्रथम स्थान, छत्तीसगढ सशस्त्र बल, और द्वितीय स्थान, जिला पुलिस बल, को प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति पर प्रथम पुरस्कार सेंट जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर, बैकुण्ठपुर, द्वितीय पुरस्कार इंद्रप्रस्थ इंग्लिश मीडियम स्कूल जुनापारा बैकुण्ठपुर और तृतीय पुरस्कार आदर्श सरस्वती शिशु मंदिर कचहरीपारा, बैकुण्ठपुर को प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि सिंहदेव ने जिले में निवासरत शहीद अधिकारी/कर्मचारी के आश्रितों को भी श्रीफल और शाल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि ने राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय झांकी में पशु चिकित्सा विभाग को प्रथम, कृषि विभाग को द्वितीय और जिला पंचायत को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान जिला और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया के प्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राएं और नगरवासी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed