October 27, 2024

अबकी बार 65 पार, 19 में दोहराना है मोदी सरकार , रायपुर में भाजपा अध्यक्ष शाह ने भरी हुंकार

0

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर में बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुंकार भरी कि यहां उपस्थित कार्यकर्ताओं का हुजूम और जोश बता रहा है कि अबकी बार छत्तीसगढ़ में जो सरकार बनने वाली है वह 65 पार की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि वे ऐसे सौभाग्यशाली अध्यक्ष हैं जिसे देश भर के बूथ कार्यकर्ताओं तक पहुंचने का सौभाग्य मिला है। हमारी हर एक सफलता का श्रेय बूथ में बैठे बूथ के कार्यकर्ताओं को जाता है।
उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक की राजनीतिक यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी का यह विशाल स्वरूप आज कल का नहीं है। आज भाजपा 11 करोड़ सदस्य वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भारत का मानचित्र देखें तो देश के 70 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का झंडा बुलंद करने का काम कार्यकर्ताओं ने किया है। भाजपा का एक एक कार्यकर्ता भारत माता के लिए जान निछावर करने वाला है । अभी भाजपा को ओडि़शा जीतना है, बंगाल जीतना है, तेलंगाना और केरल जीतना है तब लक्ष्य पूरा होगा। श्री शाह ने कहा कि आज सभी की नजर छत्तीसगढ़ के चुनाव पर है।

 


उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्राणपण से जुटकर छत्तीसगढ़ में चौथी बार भाजपा सरकार बनाना है। ऐसी सरकार कि 65 प्लस के मिशन पूरा करने के साथ 2019 से पहले राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने का संदेश चला जायें। उन्होंने याद दिलाया कि 2000 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य के रूप में भय भूख और आतंक का प्रतीक बन गया था लेकिन 2003 में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद डॉ रमन सिंह की अगुआई में छत्तीसगढ़ ने विकास की गाथा लिखी। बीमारू राज्य को ठीक करने का जिम्मा डॉ रमन को मिला। डॉ रमन सिंह ने नक्सलवाद को समूल खत्म करने का काम किया है। आज विकसित छत्तीसगढ़ हमारे सामने है। कांग्रेस के समय 9 हजार करोड़ का बजट था, आज 94 हजार करोड़ का बजट है। प्रति व्यक्ति आय 13 हजार से 86 हजार करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। धान का उत्पादन 65 लाख मीट्रिक टन से 1 करोड़ 3 लाख मीट्रिक टन करने का काम हमारी सरकार ने किया है। ऐसा विकास भाजपा सरकार और डॉ रमन सिंह ही कर सकते है।


श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा कहते हैं छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे,कहते हंै हिसाब दो । राहुल बाबा से देश की जनता आप से सवाल कर रही है 55 साल में आपने क्या किया? 55 साल का हिसाब दो। 70 साल में आप बिजली नहीं पहुंचा पाए थे हमने वहां बिजली पहुंचाने का काम किया है। हमने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। ये मौनी बाबा की सरकार नहीं मोदी जी की सरकार है और उरी का बदला लेने का काम हमारे वीर जवानों ने किया है। यूपीए सरकार ने तेरहवें वित्त आयोग मेें 41 हजार करोड़ दिया। वहीं 14वें वित्त आयोग में मोदी जी ने 1 लाख 37 हजार करोड़ छत्तीसगढ़ को दिया। इस बार जो चुनाव आ रहा है वह छत्तीसगढ़ को नवा छत्तीसगढ़ बनाने का विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए है। यह तभी संभव है जब हमारे कार्यकर्ता घर घर जा कर मोदी जी का संदेश डॉ रमन का संदेश बताएंगे। हर घर, हर गांव, हर शहर जाकर जन-जन तक भाजपा का संदेश दे विजय संकल्प के साथ कार्यकर्ता जुट जाएं।
इससे पूर्व सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का सम्मेलन उस दौर में हो रहा है जब बूथ का कार्यकर्ता चुनाव के मैदान में उतरने जा रहा है। बूथ जीता तो विधानसभा जीता। कांग्रेस की स्थिति क्या है? मुझे इस बात की खुशी है कि मोदी जी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता अगले चुनाव में किस मुंह से वोट मांगने जाएंगे? वे जनता को क्या बताएंगे कि मुझे मेरे उस नेता ने भेजा है जो सीडी बनवाता है। सीडी वीडी से काम नहीं चलता, विकास करने वालों को जनता चुनती है। आज अचानक रामदयाल उईके आये। कहा, ऐसी पार्टी को मैं छोड़ रहा हूँ जो सीडी बनाती है। वे अमित शाह जी से मिलने आये थे। उन्होंने कहा कि यदि अमित शाह जी अवसर दें तो आपकी पार्टी में आना चाहता हूं। राम दयाल उईके ने कांग्रेस को समूल नष्ट करने का संकल्प लिया है।
इस मौके पर सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमे 65+ का लक्ष्य दिया है। और एक सेनापति के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी हमारे साथ खड़े है और उनके नेतृत्व में हम इस बार ऐसी जीत दर्ज करेंगे कि अगली बार कांग्रेस चुनाव लडऩे की सोचेगी भी नहीं। कांग्रेस को नेस्तनाबूत कर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *