October 27, 2024

भाजपा में उईके का स्वागत : कौशिक

0

मुझे घुटन से मुक्ति मिली : रामदयाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक रामदयाल उईके ने शनिवार को बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक की उपस्थिति में भाजपा प्रवेश किया।  उईके का भाजपा में स्वागत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष  कौशिक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की पार्टी में उइके जैसे कर्मठ कार्यकर्ता का स्वागत है। उन्होंने कहा कि श्री उईके गंदी राजनीति करने वाले नेताओं की पार्टी छोड़कर कार्यकर्ताओं की प्रधानता वाली ऐसी पार्टी में आये हैं, जहां कार्यकर्ता ही शिखर पर पहुंचते हैं।
विदित है कि कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष उईके ने शनिवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की कोई कद्र नहीं है। भाजपा के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित होते हैं लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मुलाकात के लिए समय ही नहीं देते। उईके ने कहा कि भूपेश बघेल की सीडी मानसिकता वाली कांग्रेस में घुटन भरा माहौल है और ऐसी क्षुद्र मानसिकता में कोई भी स्वाभिमानी कार्यकर्ता ठहरना पसंद नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मैं अपनी बात रखने के लिए तीन दिन से राहुल गांधी से समय मांग रहा था लेकिन उन्होंने नहीं दिया। कांग्रेस में अधिनायकवाद चल रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को भूपेश बघेल अपनी तरह से चला रहे हैं। बाकी सब केवल नाम के पदाधिकारी, अध्यक्ष आदि बनाये गये हैं।  उईके ने कहा कि मैं घर वापसी पर मन में असीम शांति का अनुभव कर रहा हूं। कांग्रेस के प्रदूषित माहौल से मुक्त हो चुका हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान है। हम सम्मान से जीने वाले लोग हैं। भाजपा की विजय के संकल्प के साथ हम विकास की धारा से फिर जुड़ चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *