October 22, 2024

तीन माह से फरार राजस्व निरीक्षक की जमानत याचिका खारिज़,

0

बैकुण्ठपुर। दो महिलाओं से छेड़छाड़ के  मामले में फरार चल रहे राजस्व निरीक्षक बीडी कुशवाहा की अग्रिम जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। जिसके बाद से अब उनकी गिरफ्तारी के आसार बढ़ गए हैं। विदित हो कि राजस्व निरीक्षक कुशवाहा पिछले 3 माह से फरार चल रहे थे। पूरा मामला यह था कि चेर निवासी दो महिलाओं नीलम बसोर और पुष्पा रवि ने राजस्व निरीक्षक भगवान दास कुशवाहा पिता श्री हीरालाल कुशवाहा उम्र 58 वर्ष पर यह आरोप लगाया था कि उनके भाई द्वारा जमीन बेच देने के विवाद के संबंध में वह 24 मार्च 2017 को राजस्व निरीक्षक के घर इसकी जानकारी लेने गई थी। जहां आरोप के अनुसार राजस्व निरीक्षक ने दोनों महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़ा फाड़ने की कोशिश की थी। जिसके बाद दोनों महिलाएं सिटी कोतवाली में अपनी शिकायत दर्ज कराने आई थीं। लेकिन रसूखदार राजस्व निरीक्षक की पहुंच के चलते दोनों महिलाओं की शिकायत दर्ज करने की बजाय दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा इसके बाद उक्त दोनों महिलाओं ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था। जिसके बाद न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने 294, 354 (ए) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया था। जिसके बाद से ही राजस्व निरीक्षक बीड़ी कुशवाहा फरार चल रहा है। इस बीच  अग्रिम जमानत के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में भी अपील की थी। जहां से उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई थी। अब उन्होंने बिलासपुर हाई कोर्ट में जमानत याचिका लगाई और यहां से भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है। अब देखना यह है कि पुलिस आर आई को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed