October 22, 2024

मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर खेल संघों को दी शुभकामनाएं

0


रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल संघों से और भी अधिक सक्रियता के साथ काम करने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री आज यहां अपने निवास पर छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों और विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों को अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात के लिए उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन, खेल संघों और राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति उत्साहजनक वातावरण निर्मित हुआ है। राज्य सरकार द्वारा खेल अधोसंरचना के विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। छत्तीसगढ़ के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नीम और बेल के पौधे भेंट कर उन्हें अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा सात दिवसीय स्वीमिंग कैम्प, स्क्वैश, ट्रायथलान, नौकायान और वालीबाल खेलों में प्रदर्शन मैचों का आयोजन किया गया। आज विजेता खिलाड़ियों को एसोसिएशन की ओर से पुरस्कृत किया गया। प्रतिनिधि मंडल में भारतीय ओलम्पिक संघ के संयुक्त सचिव श्री विक्रम सिसोदिया सहित डॉ. विष्णु श्रीवास्तव, संजय शर्मा, डॉ. आलोक दुबे, सर्वश्री मोहम्मद अकरम खान, साहीराम जाफर, विनय बैसवाड़े और सुश्री नीता डुमरे सहित छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन कार्यकारिणी और विभिन्न खेल संघों के अनेक पदाधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *