रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने साहित्य, पत्रकारिता और कृषि विज्ञान के क्षेत्र की चार बड़ी हस्तियों के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हिन्दी के वरिष्ठ साहित्यकार और पत्रकार श्री राजकिशोर, मॉरिशस के प्रसिद्ध हिन्दी उपन्यासकार, कवि और कहानीकार श्री अभिमन्यु अनत तथा केरल के मलयाली दैनिक ’जन्मभूमि डेली’ की मुख्य सम्पादक सुश्री लीला मेनन के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने एचएमटी धान सहित धान की ग्यारह प्रजातियों के आविष्कारक दादा जी रामाजी खोब्रागढ़े के देहावसान पर भी शोक प्रकट किया है। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शोक संदेश में कहा है कि इन चारों दिवंगत हस्तियों ने लम्बे समय तक अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता से देश और समाज को मूल्यवान सेवाएं दी। स्वर्गीय श्री राजकिशोर हिन्दी के जाने-माने लेखक और पत्रकार थे, जिनका नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कल निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा-भारतवंशी साहित्यकार स्वर्गीय श्री अभिमन्यु अनत ने सुदूर मॉरिशस में अपनी सुदीर्घ साहित्य साधना के जरिए हिन्दी भाषा को समृद्ध बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंनें ’लाल पसीना’ और ’लहरों की बेटी’ जैसे कई कालजयी उपन्यास हिन्दी साहित्य को दिए। मुख्यमंत्री ने दक्षिण भारतीय राज्य केरल में पत्रकारिता के माध्यम से सुश्री लीला मेनन द्वारा समाज को दी गई सेवाओं को भी याद किया। डॉ. रमन सिंह ने कहा-एचएमटी धान के आविष्कारक दादा साहब खोब्रागढ़े के निधन से भारतीय कृषि विज्ञान जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके द्वारा आविष्कृत एचएमटी धान आज भी काफी लोकप्रिय है।