रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान कांकेर जिले के तहसील मुख्यालय चारामा में आयोजित विशाल स्वागत सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकास यात्रा में जनता की लगातार बढ़ रही उत्साहजनक भागीदारी से विकास यात्रा जनता जनार्दन की यात्रा बन गई है।    डॉ. सिंह ने कहा कि विकास यात्रा में उन्हें जनता का आशीर्वाद और विश्वास मिल रहा है। जनता के सहयोग और आशीर्वाद से ही आज छत्तीसगढ़ विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास यात्रा के दौरान उन्हें हर क्षेत्र की जनता से मिलने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर वन मंत्री श्री महेश गागड़ा, लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत, लोकसभा सांसद श्री विक्रम उसेंडी और छत्तीसगढ़ राज्य वनौषधि बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चारामा से विकास रथ पर सवार होकर बालोद जिले के कोचवाही, जगतरा, बालोदगहन और पुरूर चौक होते हुए धमतरी पहुंचे। जगह-जगह ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। चारामा की स्वागत सभा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2022 तक हर गरीब परिवार को पक्का मकान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 18 लाख महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी भी दी।
बालोद जिले के कोचवाही में मुख्यमंत्री ने विकास रथ से जनता का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कोचवाही सहित आस-पास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उमड़ पड़े। ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं में मुख्यमंत्री की विकास यात्रा को लेकर काफी उत्सुकता थी। लोगों ने फूल-मालाओं से और हाथ हिलाकर डॉ. सिंह का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इतनी गर्मी में ग्रामीण भाई-बहनों की इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर लग रहा है कि यह स्वागत सभा नहीं एक बड़ी सभा है। यहां लोगों का उत्साह अलग ही दिख रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ से आने वाले समय में विकास की रफ्तार और भी अधिक बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अगले चार माह में हर घर में बिजली के कनेक्शन दे दिए जाएंगे। सूचना क्रांति योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना में पूरे प्रदेश में ग्रामीणों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमवीरों और कॉलेज के विद्यार्थियों को 55 लाख स्मार्ट फोन निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। विकास यात्रा में किसानों को 1700 करोड़ रूपए का धान बोनस वितरित किया जा रहा है। कृषि मंत्री और बालोद जिले के प्रभारी श्री बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आपसे मिलने के लिए 45 डिग्री तापमान में विकास यात्रा पर निकले हैं। यह विकास यात्रा जनता का आशीर्वाद लेने के लिए निकली है।