नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भव्य पदयात्रा, महिलाओं की ऐतिहासिक भागीदारी

एमसीबी(जय संगवारी )/ जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में आज 15 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक भव्य एवं जनजागरूकता से भरपूर पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना एवं महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाना था। यह पदयात्रा साईं मंदिर तिराहा मनेन्द्रगढ़ से प्रारंभ होकर राम मंदिर तक निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने नारी सम्मान एवं सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। देश में महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया जा रहा है। इस अधिनियम के अंतर्गत लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं महिला प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा तथा समाज में उनकी भूमिका को और अधिक मजबूत बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार, समाज और देश का समग्र विकास संभव है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। साथ ही बताया गया कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भी महिलाओं के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विशेष रूप से महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता में निरंतर वृद्धि हो रही है।
पदयात्रा में महिलाओं का उत्साह और भागीदारी विशेष रूप से देखने योग्य रही। उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए यह संदेश दिया कि आज की नारी आत्मनिर्भर, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सजग है। कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक सशक्त आंदोलन है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामनरेश राय (महापौर, चिरमिरी), यशवंती सिंह, उदित नारायण सिंह, रामजीत लकडा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, जानकी बाई खुसरो, ज्योति गुप्ता, आशीष मजूमदार, आशीष सिंह, जमुना पांडे, सरोज यादव, जया कर, प्रवीण सिंह, कविता दीवान, रानी गुप्ता, मीनू पटेल, अर्चना विश्वकर्मा, अलका गांधी, रेणु सिंह, रमेश यादव, अंकित शर्मा, राहुल जायसवाल, मनोज केशरवानी, चंदा केशरवानी, मालती काशीपुरी सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।