“हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके” — प्रधानमंत्री का सपना छत्तीसगढ़ में साकार

0
IMG-20260330-WA0067


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना—“हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके”—अब छत्तीसगढ़ में साकार होती दिख रही है। सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इस सुविधा से राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू हो चुकी है और ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के संचालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। रायपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा के साथ-साथ जगदलपुर में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री राजेश अग्रवाल एवं सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
अंबिकापुर, सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और वाणिज्यिक केंद्र है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और खनिज भंडार से समृद्ध है। मैनपाट, तातापानी और विभिन्न जलप्रपातों के कारण यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
नई हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग सीधे दिल्ली से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होगा।
एलायंस एयर का फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन)
विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा उड़ानों का संचालन किया जाएगा। टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार)
सोमवार (फ्लाइट नं. 91613): दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 बजे अंबिकापुर आगमन, दोपहर 12:00 बजे वापसी में दिल्ली प्रस्थान।
बुधवार (फ्लाइट नं. 91614): दिल्ली से सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर आगमन, दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली प्रस्थान।
कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार)
शनिवार (फ्लाइट नं. 91763): कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे अंबिकापुर आगमन, 10:25 बजे वापसी में कोलकाता प्रस्थान।
गुरुवार (फ्लाइट नं. 91765): कोलकाता से सुबह 08:50 बजे अंबिकापुर आगमन, 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता प्रस्थान।
उल्लेखनीय है कि माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत किया गया है। रनवे का विस्तार कर इसे 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब एटीआर जैसे विमान संचालित हो सकते हैं। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट में टर्मिनल भवन, पार्किंग और फोरलेन सड़क जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *