कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण: सामाजिक एकजुटता और विकास की नई पहल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कायस्थ समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि चंदखुरी में इस मंगल भवन का शुभारंभ पूरे समाज के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कायस्थ समाज सदैव से प्रबुद्ध और जागरूक रहा है, जिसने देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शासन-प्रशासन से लेकर सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज की सक्रिय भूमिका प्रेरणादायी रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और कायस्थ समाज इसमें अहम भूमिका निभाएगा। यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि जब समाज संगठित होकर कार्य करता है, तो बड़े लक्ष्य भी आसानी से हासिल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ होने से प्रदेशवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ‘सीजी वायु’ योजना के तहत हवाई अड्डों का विकास किया जा रहा है तथा कार्गो सेवा शुरू होने से किसानों को अपने उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ मंगल भवन समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति का प्रतीक है। यह भवन किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के उपयोग के लिए बनाया गया है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
वी.वाय. हॉस्पिटल के निदेशक पूर्णेंदु सक्सेना ने कहा कि इस भवन का निर्माण समाज के सामूहिक सहयोग से संभव हुआ है और यह सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन भविष्य में शुभ कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कायस्थ समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।