February 2, 2026

गणतंत्र की गौरवशाली परंपरा को सहेजने धनपुरी तैयार

0
Screenshot_20260123-201752_Instagram


26 जनवरी को अमर शहीदों के स्मरण और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ गरिमामयी आयोजन का सर्वसम्मत निर्णय


धनपुरी।नगर पालिका परिषद् धनपुरी द्वारा 26 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को परंपरागत श्रद्धा, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया है। यह निर्णय परिषद् की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापतियों एवं समस्त पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति में लिया गया।
निर्णय के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत स्थापित अमर शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर जनप्रतिनिधियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा, जिससे राष्ट्र के लिए सर्वस्व अर्पण करने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जा सकें। वहीं नगर के सभी शासकीय एवं निकाय भवनों को भव्य विद्युत सज्जा (लाइटिंग) से सजाया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय पर्व का उत्साह पूरे नगर में दृष्टिगोचर हो।
परिषद् द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि ध्वजारोहण कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति विधिवत एवं गरिमामयी रूप से संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिल सके।
नगर पालिका परिषद् का यह निर्णय गणतंत्र दिवस को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न मानकर, उसे राष्ट्रीय चेतना, एकता और संविधान के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में मनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
परिषद् ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी का यह आयोजन अमर शहीदों की स्मृति, लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा और भारतीय गणतंत्र की गौरवशाली परंपरा को सहेजते हुए पूरे सम्मान एवं उत्साह के साथ संपन्न किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed