February 2, 2026

विकास की नई इबारत लिखता धनपुरी : शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सौंदर्यीकरण एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण का हुआ भूमिपूजन

0
IMG-20260123-WA0047


धनपुरी।नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर धनपुरी क्रमांक-3 स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सौंदर्यीकरण कार्य तथा वार्ड क्रमांक-9 एवं 13 में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा, उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद खंडेलवाल, सभापति, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्रमांक-3 (वार्ड क्रमांक-13) में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नगर की सूरत भी निखरेगी। वहीं वार्ड क्रमांक-9 (रूद्र चौक के समीप) एवं वार्ड क्रमांक-13 (नाला टोला) में बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्र भवन क्षेत्र के बच्चों, महिलाओं और माताओं के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर ने कहा कि नगर पालिका धनपुरी का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि जनहित को केंद्र में रखते हुए योजनाबद्ध एवं टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि धनपुरी को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित करना नगर पालिका की सतत सोच का हिस्सा है। नगर के सौंदर्यीकरण से लेकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े भवनों के निर्माण तक, सभी कार्य जनता के हित को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका परिषद के विकासात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धनपुरी आज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में यह नगर विकास का एक सशक्त उदाहरण बनेगा।
नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा किए जा रहे ये विकास कार्य न केवल आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगे, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed