शानदार बल्लेबाजी से रेलवे बिलासपुर सेमीफाइनल में, झांसी को 7 विकेट से हराया

बुढार।स्व. कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय विधायक गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल में रेलवे बिलासपुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एनसीआर झांसी को 7 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एनसीआर झांसी ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 185 रन बनाए। झांसी की ओर से मयंक तिवारी ने 69 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अर्पित ने 30 रन जोड़े। रेलवे बिलासपुर की ओर से विक्रांत ने 3 और प्रवीण ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे बिलासपुर की टीम ने आक्रामक शुरुआत करते हुए महज 13.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान मोहित राउत ने 36 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली, वहीं पवन ने 28 गेंदों पर 58 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान मोहित राउत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच में अंपायरिंग आनंद त्रिपाठी और नृपेंद्र सिंह ने की, जबकि आंखों देखा हाल कलाम मोहम्मद, अजय द्विवेदी और सुधीर शर्मा ने सुनाया। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता सफलतापूर्वक खेल भावना के साथ आगे बढ़ रही है।