February 2, 2026

लोकतांत्रिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ एमसीबी जिला प्रेस क्लब चुनाव, रंजीत सिंह पुनः अध्यक्ष निर्वाचित

0
Screenshot_20260118-193913_WhatsAppBusiness


मनेंद्रगढ़।लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच एमसीबी जिला प्रेस क्लब के द्वितीय कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों का निर्वाचन रविवार, 18 जनवरी को पत्रकार भवन चैनपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी श्रीकांत शुक्ल, रमन सिंह एवं सतीश गुप्ता के कुशल निर्देशन एवं नेतृत्व में संपन्न कराई गई।
निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन एवं नाम वापसी के पश्चात अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद पर एकल नामांकन होने तथा किसी प्रकार की आपत्ति न आने के कारण रंजीत सिंह को अध्यक्ष एवं अरुण श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इसके पश्चात उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव पदों के लिए मतदान प्रक्रिया प्रारंभ की गई। एमसीबी प्रेस क्लब के कुल 63 सदस्यों में से, तीन चुनाव अधिकारियों को छोड़कर 59 सदस्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता निभाई। चुनाव अधिकारियों की सहमति से अस्वस्थता एवं बाहर होने के कारण तीन सदस्यों को डाक मत की सुविधा प्रदान की गई, जबकि शेष 56 सदस्यों ने प्रत्यक्ष मतदान किया। केवल एक सदस्य अनुपस्थित रहा। इस प्रकार शत-प्रतिशत मतदान के साथ निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हुई।
मतदान उपरांत चुनाव अधिकारी श्रीकांत शुक्ल, रमन सिंह एवं सतीश गुप्ता की उपस्थिति में, विधिक सलाहकार अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी एवं सूरजभान सिंह द्वारा मतगणना प्रारंभ की गई।
सचिव पद के लिए हुए मतगणना में सुनील शर्मा को 26 मत एवं गुरदीप अरोड़ा को 33 मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर गुरदीप अरोड़ा को सचिव पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में एबी सिद्दीकी को 4, अविनाश चंद को 8, महेश साहू को 6, सुजीत शाह को 11 तथा धीरेंद्र विश्वकर्मा को सर्वाधिक 30 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार धीरेंद्र विश्वकर्मा उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।
संयुक्त सचिव पद के लिए नियाज अली को 3, राहुल वल्लभ द्विवेदी को 11, नसरीन अशरफी को 15 तथा सुरेश मिनोचा को सर्वाधिक 30 मत प्राप्त हुए। परिणामस्वरूप सुरेश मिनोचा संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।
इसके अतिरिक्त प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर एकल नामांकन होने के कारण रामप्रसाद गुप्ता, राजीव वर्मा, प्रवीण निशी, राजेश सिन्हा एवं श्रीराम बरनवाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
सभी निर्वाचित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा चुनाव अधिकारियों एवं विधिक सलाहकारों द्वारा की गई तथा उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। चुनाव अधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रेस क्लब के सतत विकास हेतु एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रंजीत सिंह ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल में शासन-प्रशासन के सहयोग से पत्रकार कॉलोनी का निर्माण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, ताकि पत्रकारों के सामाजिक और व्यावसायिक हितों को सुदृढ़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed