February 2, 2026

मकर संक्रांति पर अधिवक्ता संघ का मिलन समारोह धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक चेतना का अनुपम संगम – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

0
IMG-20260115-WA0048

देपालपुर(इंदौर) – मकर संक्रांति के पावन एवं पुनीत अवसर पर अधिवक्ता संघ देपालपुर के तत्वावधान में एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने न्यायिक परिवार एवं अधिवक्ता समुदाय को सामाजिक समरसता के एक सूत्र में पिरोते हुए संस्कृति, परंपरा और आधुनिक चेतना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
समारोह का उद्देश्य मकर संक्रांति के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व को समाज तक पहुँचाना तथा न्यायिक परिवार के मध्य आपसी सौहार्द, सहयोग और संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला न्यायाधीश माननीय हिदायत उल्ला खान, वरिष्ठ सिविल जज श्रीमती रिज़वाना क़ौसर एवं जूनियर सिविल जज सुश्री दिव्या श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अधिवक्ता संघ देपालपुर की ओर से अध्यक्ष श्री अंतर सिंह मौर्य के नेतृत्व में इस आयोजन को सफल स्वरूप प्रदान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राजेन्द्र पटेल, सचिव दिनेश डोंड,उपाध्यक्ष दिलीप सिंह डाबी, कोषाध्यक्ष युवराज सिंह,चेतन हार्डिया,सुभाष पटेल,पंकज तिवारी,प्रकाश धाकड़,मालती जोशी, रजनी पवार,सी.एस. जोशी,विक्रम गौड़, निलेश व्यास, शक्ति सिंह तोमर, सचिन बैरागी, कृष्णा जाधव,संदीप ठाकुर,सुबोध राठौर युवराज चिंतामन,कमल तंवर,योगेन्द्र यादव, चेतन राठौर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मकर संक्रांति के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक पक्षों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर, नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर तथा जड़ता से गतिशीलता की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है। यह पर्व प्रकृति और मानव जीवन के संतुलन का पर्व है, जो स्वास्थ्य, ऊर्जा और नई चेतना का संचार करता है।

मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला खान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि —
मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, अनुशासन और नवचेतना का प्रतीक है। यह पर्व हमें कर्म, संयम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अधिवक्ता संघ देपालपुर द्वारा इस प्रकार के समन्वित, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों से न्यायिक परिवार के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा मिलती है।
उन्होंने अधिवक्ता संघ के उत्कृष्ट संगठनात्मक समन्वय, अनुशासन एवं आयोजन की सराहना करते हुए इसे न्यायिक परिवार की एकता, प्रतिबद्धता और समर्पण का सशक्त उदाहरण बताया।
वरिष्ठ सिविल जज श्रीमती रिज़वाना क़ौसर ने भी अधिवक्ता संघ के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं तथा न्यायिक व्यवस्था को जनमानस से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव दिनेश डोंड द्वारा किया गया एवं अधिवक्ता रोहित शर्मा द्वारा उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों एवं अतिथि अधिवक्ताओं का सम्मानपूर्वक आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन आपसी सौहार्द, आत्मीय मिलन एवं उत्साह पूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed