श्री नर्मदे हर सेवा न्यास द्वारा जल संरक्षण संगोष्ठी एवं समरसता भोज का किया गया आयोजन

अनूपपुर 19 दिसम्बर 2025/ जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था श्री नर्मदे हर सेवा न्यास अमरकंटक द्वारा माँ नर्मदा तट ग्राम दमगढ़ में स्थित राम कुटी तट पर मां नर्मदा दर्शन के पश्चात् जल संरक्षण संगोष्ठी व समरसता भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि हमारी संस्कृति कुछ अलग है। हमारे रीति रिवाज रहन-सहन से ही हमारी पहचान है। हमें अन्य कार्यों के साथ हमारी संस्कृति को बचाकर रखना भी आवश्यक है। कुछ विदेशी ताकते हमें कमजोर समझ कर हमारे समुदाय को टारगेट बनाकर धर्म परिवर्तन का कार्य कर रहे हैं। इससे हमको सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद एवं श्री नर्मदे हर सेवा न्यास का संयुक्त प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों के बीच जाकर उन्हें जागरूक कर समाज सेवा का कार्य करेगे। समय-समय पर इस क्षेत्र के लोगों को योजनाओं की जानकारी दें तथा उनके बीच जाकर सेवा भाव के साथ कार्य करेंगे तो इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री भीम सिंह डामोर ने बताया कि जन अभियान परिषद समाज सेवा का कार्य कर रही है। समाज के लोगों में जन जागरण लाने, जागरूक करने तथा योजनाओं की जानकारी देकर उसका लाभ दिलाने का कार्य कर रही है। साथ ही जल संरचनाओं के संरक्षण व स्वच्छता का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी को मां नर्मदा समझे जिसमें हमें मां का बोध तथा पूजा का भाव जागृत हो इन्हें अविरल निर्मल बनाए रखें।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जन अभियान परिषद द्वारा जल संचय अभियान के तहत बोरी बंधान के माध्यम से जल संरचनाओं के संरक्षण व संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है। अभियान 15 नवम्बर से प्रारंभ किया गया है, जो 30 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान अंतर्गत जिले में लगभग 40 बोरी बंधान किए जा चुके हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जल को रोक कर प्राकृतिक जल स्त्रोतों को मजबूती प्रदान करना तथा जल स्त्रोतों का संरक्षण करना तथा प्राकृतिक जल स्त्रोतों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखण्ड समन्वयक श्री फते सिंह, परामर्शदाता, स्थानीय ग्रामीणजन सहित श्री नर्मदे हर सेवा न्यास के कर्मचारी, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य उपस्थित थे। सभी ने माँ नर्मदा का प्रवाह इसी तरह अविरल निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।