December 21, 2025

धनपुरी में स्वच्छता क्रांति की ठोस शुरुआत,तीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से बदलेगी नगर की तस्वीर, स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य की ओर मजबूत कदम

0
IMG-20251220-WA0037


धनपुरी | शहडोल,नगर पालिका परिषद् धनपुरी ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए नगर के विकास की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाया है। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत तीन स्थानों पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) को दोपहर 1 बजे वार्ड क्रमांक-28, शासकीय प्राथमिक शाला चीपहाउस के समीप संपन्न हुआ।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर की कुशल प्रशासनिक कार्यशैली का परिणाम मानी जा रही है। दोनों के समन्वय से धनपुरी को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक ठोस आधारशिला है।
भूमि पूजन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा रहीं, जबकि अध्यक्षता उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद खण्डेलवाल ने की। इस अवसर पर सभापति नारायण जायसवाल एवं प्रवीण बड़ोलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर पालिका के पार्षदगण—विजय यादव, आनंद मोहन जायसवाल, नईम खान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की नींव है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से नगर की नालियों, जल स्रोतों और पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सकेगा। आने वाली पीढ़ियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”


वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि STP परियोजना से अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से शोधन किया जाएगा, जिससे गंदे पानी से होने वाली बीमारियों पर रोक लगेगी, भूजल व नदी-नालों का प्रदूषण कम होगा और उपचारित जल का पुनः उपयोग संभव हो सकेगा। उन्होंने इसे “धनपुरी को स्वच्छ और स्मार्ट नगर बनाने की दिशा में मील का पत्थर” बताया।
नगरवासियों के लिए यह परियोजना स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जल और बेहतर जीवन गुणवत्ता का संदेश लेकर आई है। विशेषज्ञों के अनुसार STP के संचालन से भविष्य में नगर को जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक रोगों से राहत मिलेगी।
कुल मिलाकर, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का यह शुभारंभ धनपुरी के विकास इतिहास में एक नई इबारत लिखता नजर आ रहा है—जहां प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनप्रतिनिधियों की दूरदृष्टि से एक स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध धनपुरी की नींव रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *