उत्तरप्रदेश : सीएम आवास घेरने जा रहे प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज

0

लखनऊ : हाथरस कांड को लेकर बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू प्रदर्शन के लिए निकलते ही फिर गिरफ्तार हो गए। कांग्रेस ने प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन किया। इस दौरान लखनऊ समेत कई जिलों में पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। लखनऊ में यूथ कांग्रेस के 13 कार्यकर्ता गिरफ्तार हुए। उधर, वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को वीवीआईपी गेस्ट हाउस के पास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उनको और कई अन्य नेताओं को ईको गार्डेन ले जाया गया। वहां से शाम को प्रदेश अध्यक्ष तो छोड़ दिए गए लेकिन कई नेता जेल भी भेजे गए। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। क्या न्याय मांगने वालों पर लाठी चलाई जाएगी? प्रदेश सरकार ने इंसानियत को शर्मसार किया है।

प्रतापगढ़ में प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज करके पार्टी नेताओं को गिरफ्तार किया गया। हाथरस जाते हुए बदायूं हाईवे पर कांग्रेस महासचिव ब्रह्म स्वरूप सागर व असलम चौधरी सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह जालौन, सोनभद्र, चित्रकूट, आजमगढ़, भदोही व चंदौली समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुआ। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कांग्रेस ने जुलूस निकालकर संसदीय कार्यालय का घेराव किया, जहां पुलिस ने लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।

महिला संगठनों का प्रदर्शन, गिरफ्तारी दी
हाथरस में दलित युवती के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के बाद हुई दर्दनाक मौत और पुलिस के आपत्तिजनक व्यवहार के खिलाफ महिला संगठनों ने हजरतगंज में प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। मृतक बेटी को सभी ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मांग की गई कि सरकार दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करे। प्रतिनिधियों में एडवा, भारतीय महिला फेडेरेशन, साझी दुनिया, एपवा व हमसफ़र की प्रतिनिधियों में रुपरेखा वर्मा, नाइश, सुमन सिंह, मीना सिंह, नंदिनी तस्लीम और साथ में करीब 50 महिलाएं थी। इस दौरान महिलाओं के हाथ में स्लोगन लिखे पोसटर को पुलिस ने फाड़ दिया।

प्रसपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने खदेड़ा
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हाथरस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। राजभवन निकट स्थित पार्टी कार्यालय में जुटे पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। हाथरस घटना के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से हजरतगंज की ओर निकले ही थे कि बाहर मौजूद पुलिस बल ने रोक लिया।

हाथरस कांड के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन
हाथरस में युवती के साथ हुई बर्बरता व दरिंदगी के विरोध में छात्रों ने बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले हुए प्रदर्शन में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री राहुल वाल्मीकि ने कहा कि सभी आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए। इसके साथ ही कोई कार्रवाई न करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो। इस अवसर पर छात्र नेता अनुराग तिवारी, साक्षी रस्तोगी, आतिया रहमानी, रौशनी मौर्या, शिखा कनौजिया, शुभम, नितीश, मनीष आदि मौजूद रहे।

साभार : livehindustan.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *