केन्द्र-राज्य की योजनाओं से जनता के जीवन में चमत्कारिक बदलाव: डॉ. रमन सिंह

0

जोगी एक्सप्रेस 

मुख्यमंत्री शामिल हुए दीपावली मिलन समारोह में 

रायपुर ,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न लोकहितैषी योजनाओं से आम जनता के जीवन में चमत्कारिक बदलाव आ रहा है। डॉ. रमन सिंह आज दोपहर जिला मुख्यालय राजनांदगांव स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में दीपावली मिलन समारोह में स्थानीय नागरिकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य के नक्सल हिंसा पीडि़त मोहला-मानपुर विकासखण्डों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 70 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को वर्ष 2016 के धान का बोनस दीपावली से पहले देकर राज्य सरकार ने अपना एक बड़ा संकल्प पूरा किया है। अब प्रदेश सरकार तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस देने की तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को दीपावली और आगामी एक नवम्बर को मनाए जाने वाले राज्योत्सव 2017 की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा-प्रदेशवासियों की समस्याओं को दूर करने के लिए राज्य सरकार सजग है। मैं स्वयं प्रतिदिन सोलह घण्टे काम करके जनता की परेशानियों को हल करने का प्रयास करता हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। डॉ. सिंह ने कहा-पूरे देश में पांच करोड़ गरीब परिवारों की महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन देने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की गई है, इसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ में अब तक पंद्रह लाख से ज्यादा महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन देकर उन्हें चूल्हे के धुंए से मुक्ति दिलायी गई है। समारोह को लोक सभा सांसद श्री अभिषेक सिंह ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा- दीपावली के पर्व के पहले बोनस तिहार के आयोजन से किसानों में और आम जनता में उत्साह का माहौल बना है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख और नगर निगम के महापौर श्री मधुसूदन यादव ने भी समारोह को सम्बोधित किया।
इस मौके पर डोंगरगढ़ की विधायक श्रीमती सरोजनी बंजारे, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, राज्य उर्दू अकादमी के अध्यक्ष श्री अकरम कुरैशी, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल, महिला आयोग की सदस्य डॉ. रेखा मेश्राम, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य श्री अशोक चौधरी, राज्य अंत्याव्यसायी निगम के सदस्य श्री पवन मेश्राम, नगर निगम के सभापति श्री शिव वर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *