September 28, 2024

नहीं रहे संसद में सेक्स पर बेबाक बोलने वाले त्रिपाठी

0

नई दिल्ली
एनसीपी के सीनियर नेता और पूर्व सांसद डीपी त्रिपाठी का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमारियों से पीड़ित थे। दिल्ली के अस्पताल में उनका निधन हुआ। एनसीपी के सीनियर नेता प्रफुल्ल पटेल ने पूर्व सांसद डीपी त्रिपाठी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, 'अपने सहयोगी डीपी त्रिपाठी के निधन से गहरा सदमा लगा है। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'

फिलहाल डीपी त्रिपाठी एनसीपी के महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पिछले साल ही राज्यसभा से उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था। अपने विदाई भाषण में उन्होंने सेक्स के मुद्दे को उठाते हुए कहा था कि आज तक इस पर संसद में चर्चा नहीं हुई, जबकि गांधी जी और लोहिया ने भी इस पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि सेक्स से जुड़ी बीमारियों के चलते मौतें होती हैं, लेकिन कभी इस पर बात नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि जिस देश में कामसूत्र जैसी पुस्तक लिखी गई थी, वहां की संसद में सेक्स जैसे विषय पर कभी बात नहीं की गई। इस पुस्तक को लिखने वाले वात्स्यायन को ऋषि का दर्जा प्राप्त था। अजंता-अलोरा की गुफाएं और खजुराहो के स्मारक इसी पर समर्पित हैं, लेकिन कभी संसद तक में यह मसला नहीं उठा। 1968 में राजनीति में आए डीपी त्रिपाठी को संसद के अच्छे वक्ताओं में शुमार किया जाता था। आपातकाल में आंदोलन के चलते वह जेल भी रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *