वाराणसी में इंटरनेट पर पाबंदी की अवधि बढ़ी, रविवार तक बंद रहेगा

0

वाराणसी  
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन को लेकर अफवाह, हिंसा व शांति व्यवस्था के लिए जिले की इंटरनेट सेवा अगले दो दिनों तक के लिए बंद कर दी गई है। अब रविवार सुबह 10 बजे तक के लिए इंटरनेट बंद रहेगा। डीएम ने बताया कि स्थिति सामान्य रहने पर रविवार को इंटरनेट सेवा बहाल होगी, अन्यथा इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन व अफवाह के मद्देनजर प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं शाम सात बजे तक बंद कराने की बात कही। इस दौरान बजरडीहा में माहौल खराब होने के बाद इस पर प्रतिबंध रविवार सुबह 10 बजे तक कर दिया गया। इंटरनेट सेवा बंद होने के बाद संदेशों का आदान-प्रदान नहीं हो सका। लोग फोन के जरिये एक-दूसरे का हाल से लेकर शहर के माहौल की जानकारियां जुटाते रहे। दूसरी ओर सुरक्षा में लगी रही पुलिस के पास वायरलेस और फोन का सहारा रहा। वाराणसी के अलावा मऊ औऱ आजमगढ़ में भी इंटरनेट सेवा बंद है। शुक्रवार को भदोही, जौनपुर में भी इंटरनेट सेवाओं को बाधित रखा गया। 

मुख्यमंत्री ने दो बार फोनकर जाना शहर का हाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी से फोन पर शहर के माहौल की एक-एक जानकारी ली और सतर्क रहने के निर्देश दिये। अपराह्न 3.30 बजे सीएम ने फोन किया तो माहौल शांतिपूर्ण था। इसके बाद बजरडीहा में पथराव की जानकारी पर सीएम ने दोबारा फोन कर घटना की जानकारी ली।
डीएम ने घटना के बाबत पूरी जानकारी देते हुए कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है। बजरडीहा इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रदर्शन कर रहे युवाओं से शांति की अपील की जा रही है। आसपास के संभ्रांत लोगों के जरिये उन्हें शांति व्यवस्था में मदद के लिए कहा जा रहा है। साथ ही घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसमें कुछ की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिये। शुक्रवार को दिन भर के पूरे घटनाक्रम की जानकारी पीएमओ से भी ली गई। दोपहर डेढ़ बजे, इसके बाद शाम को डीएम से पूरी जानकारी ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *