उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उपद्रवियों ने फिर से शुरू किया उपद्रव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

0

मेरठ
नागरिकता कानून को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में एकबार फिर से उपद्रव शुरू हो गया है। कानपुर स्थित परेड में उपद्रवियों द्वारा पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस को स्थितियों पर नियंत्रण के लिए उपद्रवियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। उधर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी जुमे की नमाज के बाद काली बांधकर विरोध जताया गया। मुजफ्फरनगर में पथराव और आगजनी की भी ख़बर है।

कानपुर में सड़कों पर उपद्रवी
कानपुर स्थित हलीम मुस्लिम कॉलेज से यतीम खाने की तरफ मुंह पर कपड़ा बांधे हुए भीड़ पहुंची। नमाज के बाद युवकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। तकरीबन 1 लाख की भीड़ ने पूरे शहर में तांडव शुरू कर दिया है। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की जा रही है। इसके साथ ही ये उपद्रवी फूलबाग की तरफ बढ़ रहे हैं। कानपुर के ही ग्वालटोली में 100-150 लड़कों ने भी प्रदर्शन किया है। कानपुर के बाबूपुरवा के बगाही और मछरिया क्षेत्र से भी प्रदर्शन और आगजनी की ख़बरें सामने आईं।

फिरोजाबाद में फूंकी गईं गाड़ियां
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में भी उपद्रवियों ने नागरिकता कानून को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यहां पर उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ आम लोगों की को आग के हवाले कर दिया। पुलिस इन उपद्रवियों पर काबू पाने की हर संभव कोशिश में जुटी हुई है। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

बहराइच में शुरू हुआ बवाल
यूपी के बहराइच जिले में नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया। नमाज के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने इन पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

गोरखपुर में भी हिंसक प्रदर्शन
देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे प्रदर्शनों के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित नक्खास में भी नमाज अदा करने के बाद से नमाजी प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारी रेटी से नक्खास चौक की तरफ बढ़ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। मौके पर मची अफरातफरी में सड़क पर पत्थर, जूते-चप्पल नजर आ रहे हैं। बता दें कि हमीरपुर जिले में भी उपद्रवियों द्वारा हिंसक प्रदर्शन किया गया है।

सीतापुर-शामली में सड़कों पर प्रदर्शन
नागरिकता कानून को लेकर उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में लहरपुर और शहर में नमाज के बाद प्रदर्शन शुरू हो गया। शामली जिले से भी नमाज के बाद प्रदर्शन से जुड़ी खबरें सामने आईं हैं।

अलीगढ़ में पुलिसकर्मियों पर पथराव
यूपी के अलीगढ़ जिले में भी शाह जमाल ईदगाह पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। यह पूरा मामला थाना देहली गेट क्षेत्र का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *