September 22, 2024

उत्पादन प्रमाण पत्र के आदेश की प्रतियां जलाई भाजपाजनों ने

0

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेश सरकार के उस तुगलकी फरमान को जलाकर विरोध प्रदर्शित किया, जिसमें किसानों को पटवारियों से उत्पादन प्रमाण पत्र लाने के लिए कहा गया है।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संदीप शर्मा, अमरजीत छाबड़ा, राजेश पांडे, अवधेश जैन, अनुराग अग्रवाल, उमेश घोरमोड़े, वंदना सिन्हा, अनिल पुरोहित आदि ने इस दौरान भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में सरकार के इस फरमान को काला आदेश बताकर जमकर नारेबाजी की और यह आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की। किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रदेश सरकार के नित -नए फरमानों को तुगलकी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की किसानों का पूरा धान खरीदने की नीयत ही नहीं है और इसलिए वह किसानों को लगातार परेशान कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई में भाजपा पूरी ईमानदारी से किसानों के साथ खड़ी है और पार्टी व मोर्चा के कार्यकर्ता कटिबद्ध होकर सरकार की बदनीयती के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि उत्पादन प्रमाण पत्र लाने के बाद ही किसानों को टोकन दिए जाने के मौखिक आदेश से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और किसान फिर परेशान होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *