यूपी विधानसभा का विशेष सत्र : सदन के बाहर सपा और कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

0

 लखनऊ 
भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को यूपी विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है। इस दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों पार्टियां सदन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। 

सपा के विधायक जहां संविधान की रक्षा को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस के नेता महाराष्ट्र में लोकतंत्र की हत्या की बात कह रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना और कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह ने विशेष सत्र का बहिष्कार करते हुए कहा कि भाजपा संविधान की हत्या कर रही है। कांग्रेस संविधान की हत्या करने वालों के साथ नहीं खड़ी हो सकती।

इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ  में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल, संविधान निमार्ता डॉ़ भीमराव आंबेडकर तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उनके साथ मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी भी थे। वहीं विशेष सत्र के दौरान सपा के विधायक चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास धरना दे रहे हैं। साथ ही कांग्रेस के विधायक भी वहां पहुंच कर प्रदर्शन कर रहे हैं।

विधान भवन प्रांगण में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र के दौरान बड़ी संख्या में लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे हैं।

विशेष सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे विधानसभा मंडप में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक से हुई। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगी। 

यह पहला मौका है, जब आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों को एक साथ संबोधित करेंगी। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दोपहर 12 बजे से दोनों सदनों की अलग-अलग कार्यवाही शुरू हो जाएगी। संविधान दिवस पर राज्यपाल के अभिभाषण पर दोपहर 12 बजे विधानसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *